
सातवें वेतनमान के एरियर का 25% दीपावली के पहले देने की घोषणा: मुख्यमंत्री
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 20 अक्टूबर 2020, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के सभी शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को दीपावली के पहले सातवें वेतनमान के तीसरे एरियर की किस्त दिए जाने की घोषणा कर दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में प्रदेश की अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई थी तथा शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों को भी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा है। उसके बाद भी प्रदेश भर में शासकीय अमले ने कोरोना काल में अपनी जवाबदारीयों को बखूबी निभाया है। शासन ने अधिकारियों कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपने बेहतर प्रयास करते हुए घोषणा की है कि सातवें वेतनमान के तीसरे एरियर की किस्त का 25 परसेंट भुगतान अधिकारी कर्मचारियों के खाते में दीपावली की पूर्व कर दिया जाएगा, तथा शेष बची हुई राशि का भुगतान भी साल के अंत तक सरकार कर देगी। इसी के साथ मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि जिन कर्मचारियों का वेतन 40 हजार रुपए मासिक से कम है उन्हें 10 हजार रुपए फेस्टिवल एडवांस की भी सुविधा सरकार देगी।
गौरतलब है कि कोरोना काल में सत्ता में आने के बाद शिवराज सिंह सरकार ने शासकीय अधिकारियों कर्मचारियों के एरियर्स, महंगाई भत्ता और वेतन वृद्धि पर रोक लगा दी थी। जिसके चलते प्रदेश भर के अधिकारी कर्मचारी खफा थे तथा आंदोलन तक की धमकी दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा कर उप चुनाव के पहले ही एक मास्टर स्ट्रोक खेला है जिसका लाभ उन्हें चुनाव में भी मिलने के बेहतर आसार बताए जा रहे है। इस घोषणा के बाद जहां दीपावली पर शासकीय अमला खुश है वहीं इसका सकारात्मक असर बाजार और कारोबार पर भी पड़ेगा जानकारों की माने तो उप चुनाव पर तो इसका असर होगा ही।