
अमरपुर कांग्रेस ने किसान आंदोलन के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
(देव सिंह भारती)
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 16 जनवरी 2021, अमरपुर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी भोपाल के निर्देशानुसार ब्लाक कांग्रेस कमेटी अमरपुर द्वारा 15 जनवरी को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र ठाकुर के नेतृत्व में किया गया साथ ही राष्ट्रपति के नाम रंजीत सिंह सैयाम पुलिस चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में भारत सरकार द्वारा पारित कृषि कानून के गुण-दोषों पर विस्तृत जानकारी पूर्व विधायक धरम सिंह मसराम ने देते हुए एमएसपी एवं एमआरपी अनुबंध कृषि से किसानों को होने वाले हानि से अवगत कराया।
इस अवसर पर ब्लाक अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नीतियों के कारण देश विभिन्न प्रकार की समस्यायों से जूझ रहा हैं, उद्योगपतियों के इशारे पर केन्द्र सरकार द्वारा थोपे गए कृषि कानून के कारण किसान आंदोलित हैं। इस प्रदर्शन में अब तक दर्जनों किसानों की मौत हो चुकी हैं। सरकार एक तरफ स्टीट वेंडरों को कर्ज, प्रधानमंत्री आवास देकर लाखों रूपयों के कार्यक्रमों के जरिए अपनी पीठ ठोक रही हैं। तो दूसरी ओर घरेलू गैस, पेट्रोल, डीजल, लोहा, सीमेंट, खाद्य वस्तुओं सहित जरूरी समान को मंहगा कर आम जनता की जेब में डाका डाल रही हैं, इस असलियत को जनता के बीच उजागर करें। साथ ही आयोजित सभा को पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष मालती तिवारी आदि द्वारा संबोधित किया गया। सभा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्तागण मौजूद रहे। सभा का सफल संचालन संदीप शाह द्वारा किया गया। अंत में नव नियुक्त कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।


