
गाली गलौच और जान से मारने की धमकी दे रहा भाजपा मंडल अध्यक्ष
मंडल अध्यक्ष पर जमीन कब्जाने के संगीन आरोप
ग्रामीणों ने कोतवाली में की शिकायत गाली गलौच और जान से मारने की धमकी दे रहा मंडल अध्यक्ष
जनपथ टुडे, डिंडोरी 21 फरवरी 2021, सुचिता और सुशासन का दावा करने वाली भाजपा के पदाधिकारी ही संगठन की साख से खिलवाड़ कर रहे हैं। बीते दिनों पूर्व मंडल अध्यक्ष अमरपुर पर संरक्षित वन्य जीव अंगों की तस्करी का मामला ठंडा ही पड़ा था कि अब डिंडोरी मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ठाकुर पर जमीन कब्जाने एवं ग्रामीणों से गाली गलौच और जान से मारने की धमकी की शिकायत कोतवाली तक पहुंच गई है,आरोप है कि सत्ता के नशे में चूर मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह अपने निजी स्वार्थ के चलते ग्राम पंचायत पर दबाव बना किसानों के खेत की जमीन पर मार्ग निर्माण करवा रहे हैं।
शिकायतकर्ता रघुवीर गौतम और भीम सिंह ने लिखित आवेदन में बतलाया है कि उनकी जमीन पटवारी हल्का नंबर 58 कूड़ा और सिमरिया में स्थित है। यहां पर मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बगैर इजाजत और सहमति के किसानों की निजी भूमि पर मार्ग निर्माण शुरू करवा दिया है। जिसमें किसानों की जमीन प्रभावित हो रही है। इतना ही नहीं किसानों की फसल और पेड़ों को भी जेसीबी के माध्यम से भारी नुकसान पहुंचाया गया है। इस बाबत विरोध करने पर मंडल अध्यक्ष किसानों को जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं पूरे मसले की गंभीरता को देखते हुये पिछले सप्ताह ही तहसील न्यायालय ने मार्ग निर्माण बंद करने संबंधी स्थगन भी जारी कर दिया है। बावजूद इसके पद के नशे में चूरू मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह न्यायालय में आदेश की अवहेलना कर कानून को भी बौना साबित करने में लगे हैं। जिससे डरे सहमे ग्रामीणों ने अब पुलिस की शरण ली है।