नंदनी मरावी बन सकती है विधानसभा उपाध्यक्ष

Listen to this article

मुख्यमंत्री ने दिए संकेत

जनपथ टुडे, जबलपुर 9 मार्च 2021, प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार में जबलपुर से अभी तक किसी भी भाजपा नेता को मंत्री या अन्य महत्वपूर्ण पद नहीं दिया गया है। रीवा से भी कोई मंत्री नहीं होने के कारण उपजी नाराजगी को देखते हुए भाजपा सरकार ने विधानसभा अध्यक्ष का पद कई सालों बाद रीवा को दिया है। वैसे ही जबलपुर की घोर उपेक्षा के कारण उपजी नाराजगी को साधने के लिए अब विधानसभा उपाध्यक्ष पद जबलपुर को दिया जा सकता है। इसके लिए सिहोरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक नंदनी मरावी का नाम तेजी से चल पड़ा है। सिहोरा विधायक नंदनी मरावी को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाने के संकेत आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने दिए हैं।


.
भाजपा विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता नंदनी मरावी से कराई गई। जिसके बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि जिस प्रकार हिना कावरें को विधानसभा उपाध्यक्ष के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उसी प्रकार नंदनी मरावी को भी विधानसभा उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंप कर भाजपा जातिगत समीकरण का लाभ और जबलपुर की हुई उपेक्षा को दूर करने का रास्ता अपना सकती हैं।

गौरतलब है कि नंदनी मरावी जिले के अमरपुर विकासखंड के ग्राम भाखा की रहने वाली है। जिले की राजनीति में सक्रिय रहीं नंदनी डिंडोरी मण्डी अध्यक्ष भी रह चुकी है वहीं कांग्रेस से टिकट न मिलने पर वे विधानसभा चुनाव निर्दलीय भी लड़ चुकी है। नंदनी मरावी की राजनैतिक शुरुआत डिंडोरी जिले से ही हुई है और वे यहां लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहीं है। कुंडम से बीजेपी के टिकट पर पहली बार विधायक बनी नंदनी मरावी के विधानसभा उपाध्यक्ष बनने की खबर से जिले में भी लोग उत्साहित है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000