
LOCKDOWN में शादी: टेंट, बैंड, डीजे और हलवाई का सामान जप्त, दुकान सील
जनपद टुडे, भिंड, 19 अप्रैल 2021, देश में बढ़ते कोरोना केस के चलते मध्यप्रदेश में सरकार और प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। प्रदेश के भिंड जिले के कुरथरा गांव में सख्ती का एक ऐसा ही मामला शनिवार रात करीब 10:00 बजे सामने आया। यहां ITBP इंडो तिब्बत बॉर्डर पुलिस के जवान ब्रजभान सिंह जाटों की बहन की शादी हो रही थी।
अधिकारियों के मुताबिक शादी में करीब 500 लोग इकट्ठा थे इसकी सूचना जैसे ही प्रशासन को मिली उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर कार्यवाही की बारात निकलने से पहले ही टेंट, डीजे और हलवाई का पूरा सामान जप्त कर लिया गया और बैंड बाजे वाले की दुकान सील कर दी गई। इसके अलावा पुलिस ने कार्यक्रम करने वालों पर लॉकडाउन के नियम तोड़ने का केस भी दर्ज किया है। उन पर धारा 144 तोड़ने और भीड़ इकट्ठा करने का आरोप है। जब प्रशासन की कार्रवाई हुई कुछ लोग पंगत में खाना खा रहे थे तो कुछ डीजे पर थिरक रहे थे। प्रशासन की टीम देखकर सभी इधर-उधर भागे और छिपने लगे।
बाराती भी भाग निकले
दूल्हा पक्ष के लोग बरात निकालने की तैयारी कर रहे थे लेकिन जैसे ही लड़के वालों को कार्यवाही की जानकारी मिली उन्होंने कार्यक्रम रोक दिया और तमाम बाराती पुलिस और प्रशासन की कार्यवाही की जानकारी लगते ही भाग निकले। अफसरों ने पूछताछ की और करीब 1 घंटे की कार्यवाही चली। देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि शादी बिना परमिशन के हो रही है कलेक्टर का निर्देश मिलने पर एसडीएम उदय सिंह सिकरवार के नेतृत्व में कार्यवाही की गई। टीम में कई पुलिसकर्मी भी थे। भिंड जिले में घर से शादी करने पर 50 लोग और गार्डन से शादी करने पर 100 लोगों के शामिल होने की अनुमति दी जा रही थी।
मौेंत की दावत
एक ओर प्रदेश में कोरोना का संकट बढ़ रहा है, रोज पीड़ितों की मौतें हो रही है। लोगों के अंतिम संस्कार को लेकर तक हाहाकार मचा हुआ है वहीं लोग मौत की दावते दे रहे है। जिसमें लोग बिना सोच समझ के प्रशासन की आंखो में धूल झोंक कर पहुंच रहे है। इन आयोजनों में खुले आम मौत परोसे जाने का अंदेशा बना हुआ है। किन्तु तांडव की बुनियाद पर समारोह किए जा रहे है और प्रशासन को सख्ती करने को मजबूर किया जा रहा है। प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी करने वाले कारोबारी बेवजह सजा भुगत रहे है।