
पत्नी की हत्या का फरार आरोपी गिरफ़्तार
10 हज़ार का था इनाम
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 22 जून 2021, समनापुर पुलिस को हत्या के मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। आरोपी पर पत्नी की हत्या करने का आरोप है। जिसे गिरफ्तार करने पर 10 हजार का इनाम भी रखा गया था।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक समनापुर थानांतर्गत खमरिया अतरिया गांव में 11 जून 2020 को गंगेश्वर गौंड ने पत्नी सीता बाई की हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से गंगेश्वर फरार हो गया था। मामले पर पुलिस ने धारा 302, 201 के तहत कायमी की थी। अलग अलग राज्यो में पुलिस को छकाने के बाद आरोपी की लोकेशन मुम्बई में मिली, लेकिन इसकी भनक लगते ही गंगेश्वर मुंबई से भी भाग गया। इस दौरान पुलिस को आरोपी की जानकारी डिंडोरी पर ही लगी।
सूचना पर अमल करते हुये पुलिस ने आरोपी गंगेश्वर को धनुवासागर में घेराबंदी कर पकड़ा लिया। पुलिस कप्तान के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के दिशानिर्देश पर थाना प्रभारी उमा शंकर यादव की टीम ने कार्यवाही को अंजाम दिया है।