राजस्व जमा नहीं करने वालों के वाहनों को जप्त और बैंक खाते फ्रीज करें : कलेक्टर

Listen to this article

कलेक्टर रत्नाकर झा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक ली

जनपथ टुडे, डिंडौरी,14 मार्च 2022, कलेक्टर रत्नाकर झा ने आबकारी विभाग, पंजीयन विभाग, खनिज विभाग, राजस्व विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग (सामान्य) वन विभाग (उत्पादन) एवं सिंचाई विभाग को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व बकाया जमा नहीं करने वालों के वाहनों को जप्त किया जाए, उनके बैंक खातों को फ्रीज किया जाए, जिससे राजस्व की वसूली हो सके। कलेक्टर ने सोमवार को सभाक्रक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में उक्त निर्देश दिए।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्रामों में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, बिजली, पेयजल, मनरेगा की योजनाओं का क्रियान्वयन, विभागीय योजनाओं का लाभ और प्राप्त शिकायतों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने खाद्यान्न उठाव और वितरण की समीक्षा की। खाद्यान्न का उठाव और परिवहन नियमित रूप से करने को कहा। ग्रामों में खाद्यान्न का वितरण छायादार या सार्वजनिक स्थलों में करने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्यान्न वितरण के फोटोग्राफ्स भी प्रस्तुत करने को कहा। राशन आपके ग्राम योजना के अंतर्गत संचालित वाहनों का भुगतान नियमित रूप से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने रबी पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की। जिले में रबी उपार्जन के लिए 23 पंजीयन केन्द्र स्थापित किये गए हैं। जिले में 8 हजार 53 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है। कलेक्टर ने रबी उपार्जन के लिए सभी किसानों का पंजीयन अनिवार्य रूप करने के निर्देश दिए। उन्होंने वनाधिकार हक प्रमाण पत्र धारक किसानों का भी रबी उपार्जन के लिए पंजीकरण करने को कहा है।

कलेक्टर ने जिले में किसानों को फलदार खेती करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए 175 किसानों की 175 एकड़ भूमि का चयन किया गया है। फलदार खेती करने से किसानों की आमदानी बढेगी। जिले के किसान खुशहाल और समृद्ध बनेंगे। कलेक्टर ने विकासखण्डों के मुख्यकार्यपालन अधिकारियों को 25-25 किसानों का चयन कर फलदार पौधे लगवाने की जिम्मेदारी सौंपी है। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना की प्रगति की समीक्षा की। जिला आपूर्ति अधिकारी आर.एम. सिंह ने बताया कि एक अप्रैल से प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के संबंध में कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए संपूर्ण तैयारियां की जा चुकी है।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत रेट्रोफिटिंग में प्रगतिरत नलजल योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्कूलों और आंगनबाड़ी केन्द्रों को नलजल योजनाओं से अनिवार्य रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। कलेक्टर झा ने जिले में दुग्ध उत्पादन के लिए डेयरी फार्म स्थापित करने को कहा है। डेयरी फार्माें का संचालन ग्रामीण आजीविका मिशन की महिला स्व-सहायता समूहें संचालित करेंगी। कलेक्टर झा ने हेरीटेज मदिरा (महुआ) निर्माण हेतु पायलट ईकाइयों की स्थापना के संबंध में समीक्षा की। उन्होंने विधानसभा प्रश्नों की विभागवार जानकारी समय-सीमा में भेजने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगर पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने साईकिल रैली, प्रभात फेरी और अन्य गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने को कहा। कलेक्टर श्री झा ने 29 मार्च को आयोजित होने वाले रोजगार दिवस के कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लेने के निर्देश दिए।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000