
बजाग और करंजिया में GGP, समनापुर में BJP की जीत
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 28 जुलाई 2022, गुरुवार को दूसरे चरण में जिले की तीन जनपद पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हो गई है। तीन में से दो जनपद पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और एक पर BJP उम्मीदवार ने जीत दर्ज कराई है। समनापुर जनपद से भाजपा समर्थित उम्मीदवार पावन्ति कुशराम ने जीत दर्ज की है। समनापुर जनपद में अध्यक्ष पद हेतु भाजपा प्रत्याशी पवंती कुशराम और फूलकली चिचाम को बराबर मत मिले, जिसके बाद पर्ची प्रक्रिया से पावंती कुशराम ने जीत दर्ज की है। वहीं करंजिया जनपद में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रत्याशी चरण सिंह धुर्वे और बजाग जनपद में GGP समर्थित फूलकली मरावी निर्वाचित हुई हैं।
करंजिया में कांग्रेस प्रत्याशी एकता मरकाम को मात्र 3 मत मिले हैं। जबकि कुल 13 जनपद सदस्य में से 9 मत चरण सिंह धुर्वे के पक्ष में गये। करंजिया में उपाध्यक्ष पद पर गीता सिंह पट्टा और बजाग में उपाध्यक्ष पद पर राधेश्याम कुशराम निर्विरोध चुने गये है। लेकिन समनापुर में उपाध्यक्ष पद पर दोनो प्रत्याशीयों को बराबर मत प्राप्त होने के बाद टॉस के जरिये नीतू लखन बर्मन ने विजय पाई है।
गौरतलब है कि पहले चरण के तहत बुधवार को जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भी चार जनपद में तीन डिंडोरी, अमरपुर, मेहंदवानी जनपद पंचायत पर GGP ने शानदार जीत दर्ज करवाई थी। जबकि मात्र शाहपुरा जनपद पर BJP समर्थित निर्वाचित हुई थी।
प्राप्त आंकड़ो के मुताबिक जिले की सात जनपद में से पांच पर गोंडवाना गड़तंत्र पार्टी ने कब्जा जमा लिया है और दो पर BJP काबिज हुई है। पूरे जिले में कांग्रेस समर्थित कोई भी प्रत्याशी जनपद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित नही हुआ है। जबकि जिले की दोनो विधानसभा शहपुरा और डिंडोरी में कांग्रेस के विधायक हैं। जनपद की चुनावी प्रक्रिया पूर्ण हो जाने के बाद अब सभी की निगाहें कल होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन पर लगी हैं।जिला अध्यक्ष के लिये BJP और कांग्रेस के बीच मुकाबला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस पूर्व जनपद अध्यक्ष बजाग रुदेश परस्ते पर दांव लगा रही है।जीत किसकी होगी, इसका फैसला कल होगा।