
12 वर्षीय आदर्श ने जन्मदिन पर, तहसीलदार को भेंट किये 51 तिरंगे
जनपथ टुडे, शहपुरा, 9 अगस्त 2022, लोग अपने जन्मदिन पर तरह तरह से सेवाएं देकर आशीर्वाद लेते हैं। कोई कंबल बांटता है तो कोई फल बांटता है तो कोई वृद्धाश्रम में भोजन आदि कराकर आशिर्वाद और शुभकामनाएं लेता है। इसी तरह शहपुरा के वॉर्ड क्रमाक 4 के निवासी पत्रकार काशी अग्रवाल के 12 वर्षीय सुपुत्र आदर्श ने जन्मदिन पर तहसीलदार शहपुरा अमृत लाल धुर्वे को 51 राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे भेंट किये गये हैं।
आदर्श के चाचा मुकेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष जन्मदिन पर कुछ न कुछ ऐसा करने का प्रयास रहता है। जिससे समाज कुछ प्रेरणा ले विगत जन्म दिवसों पर कभी पौधारोपण किया गया तो कोरोना संकट काल के दौरान मास्क व सैनिटाइजर का वितरण किया गया है। चूंकि यह वर्ष आजादी का 75 वां वर्ष है जिसे देश अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है। जिसके तहत हर घर तिरंगा अभियान चल रहा है जिसमें हर किसी को अपने घर अपने प्रतिष्ठान में तिरंगा फहराना है। तो विचार आया कि इस गौरवपूर्ण क्षण से कोई निर्धन जो तिरंगा क्रय न कर सके वह अपने घर पर तिरंगा फहराने से चूक न जाये इसलिये क्यों न प्रशासन को कुछ तिरंगे ही भेंट किये जायें। ताकि ये तिरंगे गरीबों में वितरित किये जायें. इस विचार से तहसीलदार महोदय को आदर्श के जन्मदिन पर 51 तिरंगे भेंट कराये गये। हम सभी को अपने बच्चों के जन्मदिन पर कुछ समाजसेवी कार्य करने चाहिये ताकि ये बच्चे भी बड़े होकर समाजसेवा से जुड़े रहें।