
भाजपा नेता की दबंगई से परेशान महिला द्वारा, पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश
भाजपा मण्डल अध्यक्ष, थाना प्रभारी, तहसीलदार पर कार्यवाही न करने के आरोप
आवागमन का रास्ता बंद करने का चल रहा विवाद, करंजिया थाना क्षेत्र का मामला
पुलिस अधीक्षक से भी महिला ने की है शिकायत
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 3 अक्टूबर 2022, ( प्रकाश मिश्रा) जिले के करंजिया थानाक्षेत्र अंतर्गत निवास करने वाली महिला रामकली यादव ने भाजपा नेता और मंडल अध्यक्ष राजकुमार मोगरे सहित ताराचंद और उनके अन्य साथियों पर गाली गलौज करने मारपीट कर चोट पहुंचाने तथा उसके मकान में आने जाने वाले रास्ते को बंद करने के गंभीर आरोप लगाने के साथ ही थाना पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों पर दबाव में कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।

सोमवार 3 अक्टूबर को जिला कलेक्ट्रेट पहुंची पीड़ित महिला ने कलेक्टर को अपनी व्यथा सुनाते हुए कार्यवाही न करने का विरोध करते हुए ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर डाल कर स्वयं को चोट पहुंचाने की कोशिश की जिसे आनन-फानन में रोका गया।

दरअसल पीड़ित महिला थाना पुलिस एवं तहसीलदार के द्वारा नेताओं की दबंगई में आकर पक्षपात पूर्ण कार्रवाई करने से परेशान है।
यह था मामला
थाना पुलिस तथा पुलिस अधीक्षक को पूर्व में दिए गए आवेदन तथा पीड़ित महिला के बताए अनुसार वह करजिया में शासकीय भूमि पर अपनी झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रहती है। उसके घर के ठीक सामने स्थानीय लोगों ने शासकीय भूमि पर ही पक्का मकान बना लिया तथा उसके घर की ओर जाने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर लगातार उसे परेशान कर रहे हैं। रास्ता बंद होने के कारण दोनों पक्षों में विवाद हुआ जिसके चलते महिला को चोट पहुंची और 9 अगस्त 2022 को महिला ने पुलिस थाना करंजिया में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। महिला की शिकायत पर करंजिया पुलिस ने जांच उपरांत ताराचंद पिंटू उमा के विरुद्ध धारा 294 323 506 34 के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। किंतु काफी समय बीत जाने के बाद भी जब थाना पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तब पीड़िता ने 23 अगस्त 2022 को पुलिस अधीक्षक के सामने शिकायत दर्ज कराते हुए एक बार फिर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक से मिला कार्रवाई का आश्वासन
महिला के बताए अनुसार 3 अक्टूबर सोमवार को जब वह अपना आवेदन लेकर जिला कलेक्टर के सामने उपस्थित हुई तब आवेदन को संज्ञान में लेते हुए पीड़ित महिला को आज ही तत्काल कार्रवाई करवाए जाने का आश्वासन उक्त अधिकारियों के द्वारा दिया गया है। महिला ने बताया की कलेक्टर साहब और पुलिस अधीक्षक साहब ने उसे तत्काल अपने निवास स्थान पहुंचने को कहा है और आज ही उक्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करवाने की बात कही है। बता दें कि पीड़ित महिला रामकली यादव 2 अक्टूबर रविवार को भी आरोपियों की दबंगई के करण परेशान होकर जिला मुख्यालय में जिले के कलेक्टर से मिलने आई थी। किंतु रविवार अवकाश तथा अन्य कारणों के चलते उसकी मुलाकात नहीं हो पाई जिसके बाद सोमवार 3 अक्टूबर को उक्त महिला जिला मुख्यालय पहुंची थी।
पूरे मामले में करंजिया थाना प्रभारी और तहसीलदार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे है। वरिष्ठ अधिकारियों को गरीब पीड़ित को न्याय नहीं मिलने और राजनैतिक दबाव में कार्यवाही करने वालो के विरूद्ध तत्काल एक्शन लिया जाना चाहिए। वहीं भाजपा संगठन को मण्डल अध्यक्ष की भूमिका पूरे मामले में क्या रही इस पर अवश्य गौर करना चाहिए।