
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा के बयान पर जयस का पलटवार
कहां माफी मांगे नहीं तो सड़क में करेंगे उग्र प्रदर्शन
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 9 अक्टूबर 2022, (प्रकाश मिश्रा) मध्यप्रदेश के मांडू में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा के बयान जिसमें उन्होंने जयस को समाज को तोड़ने वाला भ्रमित करने वाला संगठन बताया है, का जयस ने विरोध किया है। उक्त बयान के विरोध स्वरूप जिला मुख्यालय में जय आदिवासी युवा शक्ति के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम ने स्थानीय पूर्णा रेस्टोरेंट में प्रेस वार्ता आयोजित कर विरोध प्रकट किया।
जयस के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश भाजपा का तीन दिवसीय शिविर मांडू में चल रहा है। जिसमें प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने जयस को समाज को तोड़ने वाला संगठन कहां है जो निंदनीय है। जयस सर्व समाज के युवाओं की आवाज बनकर पूरे प्रदेश में उभर रहा है। जयस का उद्देश्य समाज को तोड़ना नहीं बल्कि प्रदेश के युवाओं को जोड़कर उनकी राजनीतिक सोच एवं समाज के प्रति विचारधारा को विकसित करना है। जयस शासन की गलत नीतियों का विरोध करती है और आम जनता के दुख दर्द को खुलकर सरकार और प्रशासन के सामने रखती है। जयेश प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि राष्ट्रीय पार्टी के नेताओं के बोल बिगड़ते जा रहे हैं। जयस की कार्यप्रणाली से भारतीय जनता पार्टी के नेता घबराए हुए हैं उनको अपना राजनीतिक कैरियर अपनी कुर्सी खिसकती हुई नजर आ रही है। जिसके चलते उस पर अनर्गल आरोप लगाकर उसे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं ।
प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया के सामने भाजपा नेता के बयान का विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा जयस से माफी मांगे और अपने बयान वापस लें यदि ऐसा नहीं होता है तो संपूर्ण मध्यप्रदेश में जयस सड़क पर उतर कर उग्र प्रदर्शन करेगी। प्रेस वार्ता में जयस के प्रदेश अध्यक्ष इंद्रपाल मरकाम के साथ बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।