
पंचकल्याणक महोत्सव अमरकंटक में मुख्यमंत्री को किया गया आमन्त्रित
माँ नर्मदा के प्रकट स्थल पर होगी आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की भव्य अगवानी
दयोदय महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद जैन ने मुख्यमंत्री को किया आमंत्रित
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 16 मार्च 23, बुधवार को दयोदय महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रेमचंद जैन प्रेमी एवं सर्वोदय तीर्थ क्षेत्र अमरकंटक के महामंत्री धर्मेश जी ने भोपाल में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निवास पर आचार्य गुरुवर विद्यासागर जी महाराज के परम सानिध्य में अमरकंटक में होने जा रहे पंचकल्याणक महोत्सव में मुख्यमंत्री को आमंत्रित करने एवं आचार्य विद्यासागर जीव दया सम्मान समारोह हेतु संपूर्ण चर्चाएं करते हुए मुख्यमंत्री जी को ससम्मान आमंत्रित किया गया।
77 की उम्र में भी महातपस्वी का पद बिहार जारी
जैन धर्म के महान तपस्वी आचार्य श्री विद्यासागरजी महामुनिराज पंचेन्द्रियों पर विजय प्राप्त कर आत्मा से शरीर चलाकर 77 साल की उम्र में भी पद बिहार कर रहे हैं। आचार्यश्री विद्यासागरजी ससंघ इन दिनों छत्तीसगढ़ से मध्यप्रदेश की पावन पवित्र भूमि माँ नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक की ओर पद बिहार कर रहे है। उल्लेखनीय है कि विद्यासागर जी महाराज इस आयोजन हेतु अमरकंटक पहुंच रहे है। अमरकंटक में होने जा रहे पंचकल्याणक महोत्सव में देश भर से बड़ी संख्या में जैन समाज के लोगों के आने की संभावना है। जिसके चलते आयोजकों और समाज के द्वारा बृहद स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही है ताकि अमरकंटक आने वाले धर्मावलंबियों को धार्मिक आयोजन में किसी भी तरह की परेशानी न हो।