
वरिष्ठ नागरिकों एवं वृद्धजनों को दी गई कानून की जानकारी
अकेले नहीं हैं वृद्धजन – रिजवाना कौशर प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट
जनपथ टुडे, डिंडोरी, 27 जुलाई 2023, मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुश्री नीता आशापुरे के मार्गदर्शन में विगत दिवस डिंडोरी के मां नर्मदा सेवा वृद्ध आश्रम में विधिक सेवा योजना 2016 के तहत एक जागरूकता शिविर का आयोजन प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट रिजवाना कौशर के मुख्य आतिथ्य तथा किशोर न्याय बोर्ड की सम्मानित सदस्य श्रीमती निकहत सीमा खान के विशिष्ट आतिथ्य में, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी डिंडोरी की उपस्थिति में किया गया। जिसमें अतिथियों द्वारा जिले के वरिष्ठ नागरिकों को जागरूकता शिविर के उद्देश्य की जानकारी देते हुए प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट रिजवाना कौशर ने कहा कि अब निराश्रित वृद्ध अकेले नहीं हैं। उनकी चिंता करने वाला, उन्हें सुरक्षित सम्मानित जीवन देने के लिए नालसा योजना 2016 तथा अनेकों कानूनी सेवाएं उपलब्ध है। तत्संबंध में जानकारी देते हुए उनके लिए कानूनी सेवाएं नालसा योजना 2016 के महत्व के संबंध में विस्तार से बताया गया और वरिष्ठ नागरिक कानूनों से जो उनके भरण-पोषण उनके जान माल सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े विषयों पर साथ ही साथ वृद्धआश्रम में चिकित्सा सुविधाओं की वृद्ध पेंशन योजना के साथ तमाम योजनाओं, नियमों और कानूनों की जानकारी देकर इन योजनाओं से लाभान्वित होने का आग्रह किया गया।
किशोर न्याय बोर्ड की सम्मानित सदस्य निकहत सीमा खान ने जानकारी देते हुए उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को बताया कि प्राधिकरण आपके अधिकार, सुरक्षा, सरंक्षण को लेकर अत्यंत गंभीर है तथा पूरी तरह से उनके साथ हैं। यदि कोई वृद्ध अपने बच्चों से उनके दायित्वों को लेकर लापरवाह है तो वह अपने कानूनी अधिकारों के उपयोग से अपनी सुरक्षा संरक्षण कर सकते हैं तथा भरण पोषण सहित सभी सुविधाएं प्राप्त करने का अधिकार रखता है। किसी भी दीवानी और फौजदारी तथा प्रशासनिक मामलों में वरिष्ठ नागरिकों को मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता प्राप्त करने का पूरा अधिकार है, जिसके उपयोग से अपने अधिकारों के उपयोग से अपनी सुरक्षा और संरक्षण कर सकते हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वृद्ध आश्रम में निःशुल्क निवासरत वृद्धों तथा अनेकों वरिष्ठ नागरिकों ने शिरकत की, और अपने अधिकारों से परिचित हुए कार्यक्रम के समापन पर वृद्ध आश्रम संचालक नोखेलाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के उपरांत अतिथियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्य कर पौधे रोपे गए।