
गोंगपा का राष्ट्रीय महा अधिवेशन संपन्न
राष्ट्रीय महाअधिवेशन में पहुंचे प्रदेश के कार्यकर्ता
जनपथ टुडे, मंडला, 6 सितंबर 2023, रविवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का बहुप्रतिक्षित राष्ट्रीय महाधिवेशन गोंडवाना साम्राज्य की राजधानी रहे गढ़ा मंडला में दो दिवसीय आयोजन आरंभ हुआ और एक आम सभा के रूप में पूर्ण हुआ। कार्यक्रम के प्रथम चरण पर पार्टी के संस्थापक पेनवासी दादा हीरा सिंह मरकाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम शुरू किया गया। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय महाधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सभी प्रमुख राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों ने शिरकत की और सर्वसम्मति से आगामी होने वाले विधानसभा चुनाव मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में आदिवासी मुख्यमंत्री के साथ आदिवासी सरकार बनाने का संकल्प लिया गया। महाअधिवेशन को राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर सिंह मसराम, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट इरफान मलिक, प्रभारी मध्य प्रदेश श्याम सिंह मरकाम राष्ट्रीय महासचिव बलवीर सिंह तोमर इसराइल खान, प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते एवं प्रदेश संगठन मंत्री हरेंद्र सिंह मार्को सहित अनेक जिम्मेदार पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
एक मजबूत रणनीति व योजना के साथ अपने चुनावी एजेंडे को जन जन तक पहुंचाने की सर्व सहमति जताई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री तुलेश्वर से मरकाम ने कहां आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की जनता भारतीय जनता पार्टी के भ्रष्ट कुशासन और कांग्रेस के निकम्मेपन से त्रस्त हो चुकी है। प्रदेश में सिर्फ समस्याएं ही समस्याएं रह गई है और उनका निदान दूर तक दिखाई नहीं दे रहा ऐसे में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है। हमारी पार्टी की असली ताकत हमारा जमीनी कार्यकर्ता है जो बिना किसी लोभ लालच के पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचने का काम कर रहा है और पार्टी ने बहुत हद तक न केवल अपनी विचारधारा को फैलाया है बल्कि आम जनता में उसकी स्वीकार्यता भी बढ़ी है। जिसका असर हम आने वाले चुनाव परिणाम में देखेंगे। आप सब आदिवासी मुख्यमंत्री और आदिवासी सरकार बनाने के लिए इसी तरह लगातार प्रयास करते रहे, सफलता अब हमसे बहुत दूर नहीं है। आने वाला समय हमारी ही पार्टी का है।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रदेश प्रवक्ता राधेश्याम कोकड़िया ने किया। महाधिवेशन के दूसरे दिन मंडला शहर के जेल ग्राउंड (मैदान) में एक विशाल आमसभा आयोजित हुई। जिसमें हुंकार भरते हुए मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प आमसभा में लिया गया।