
प्रशासनिक फेरबदल: दो सीईओ के भरोसे छह जनपद पंचायतें
जनपथ टुडे डिंडोरी 10 सितंबर।
जिले में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जिला पंचायत डिंडौरी ने जनपद पंचायतों के दायित्वों में बड़ा बदलाव किया है। अब पूरे जिले की छह जनपद पंचायतों का संचालन केवल दो मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) के भरोसे होगा।
नए आदेश के अनुसार जनपद पंचायत अमरपुर के सीईओ लोकेश कुमार नारनोरे से जनपद पंचायत शहपुरा का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है। पूर्व में उन्हें शहपुरा का कार्य सौंपा गया था, लेकिन अब उन्हें जनपद पंचायत बजाग और करंजिया का आहरण-संवितरण एवं वित्तीय प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में जनपद पंचायत मेंहदवानी के सीईओ प्रमोद कुमार ओझा को जनपद पंचायत डिंडौरी और शहपुरा का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश को कलेक्टर महोदया ने अनुमोदित कर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह कदम कार्यकुशलता और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए उठाया गया है। हालांकि, जिले में केवल दो अधिकारियों पर छह पंचायतों की जिम्मेदारी आने से उनके कामकाज का बोझ और चुनौतियां भी बढ़ेंगी।