
युवाओं को राष्ट्र निर्माण का अवसर
विकसित भारत क्विज़ 2026 का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर
जनपथ टुडे डिंडोरी 18 सितंबर।
नई दिल्ली।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने विकसित भारत युवा नेता संवाद (VBYLD)-2026 के अंतर्गत विकसित भारत क्विज़ की शुरुआत कर दी है। यह क्विज़ माई भारत पोर्टल के माध्यम से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सक्रिय रूप से जोड़ना और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना है।
मंत्रालय के अनुसार यह क्विज़ बारह भाषाओं में उपलब्ध है और इसमें भारत की यात्रा, उपलब्धियों तथा भविष्य की आकांक्षाओं से संबंधित विषय शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी पंजीकृत उपयोगकर्ता पात्र हैं, वहीं 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा आगे की चरणों के लिए चयनित होंगे।
क्विज़ का आयोजन 1 सितंबर से 15 अक्तूबर 2025 तक किया जाएगा। प्रतिभागियों को कुल 10 मिनट में 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इसमें केवल एक प्रयास की अनुमति होगी और न्यूनतम 7 अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। उच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा तथा विजेताओं का निर्धारण कंप्यूटर आधारित लॉटरी प्रणाली से होगा। चयनित युवाओं को निबंध लेखन, प्रस्तुति आदि जैसे आगामी चरणों में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
यह प्रतियोगिता पूरी तरह निःशुल्क है और सफल प्रतिभागियों को नेतृत्व प्रदर्शित करने, विचार प्रस्तुत करने तथा विकसित भारत @2047 की परिकल्पना में योगदान देने का अवसर मिलेगा। मंत्रालय का कहना है कि यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत युवा शक्ति की ऊर्जा और रचनात्मकता को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है।
अधिक जानकारी, नियम एवं पंजीकरण के लिए प्रतिभागियों को माई भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in पर आमंत्रित किया गया है।