
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मिला विविध योजनाओं का लाभ और युवा प्रतिभाओं को सम्मान
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मिला विविध योजनाओं का लाभ और युवा प्रतिभाओं को सम्मान

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 15 नवंबर, 2025-
जनजातीय कार्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भगवान बिरसामुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खेल मैदान में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों के द्वारा कार्यक्रम में मौजूद कन्याओं को श्रीफल देकर पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अतिथियों द्वारा भारत माता एवं भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय जननायकों के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प माला अर्पित कर नमन किया गया, उपरांत शासन के निर्देशानुसार सभी जनों द्वारा वंदे मातरम् गीत का सामुहिक गायन किया गया। तत्पश्चात शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने मुख्य अतिथि के स्वागत के लिए स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा न केवल आदिवासी समाज के महानायक थे, बल्कि वे भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के प्रेरणास्रोत भी रहे। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और आत्मसम्मान की लड़ाई के लिए जिस साहस और संघर्ष का परिचय दिया, वह आज भी समाज को नई दिशा प्रदान करता है।
जिले की प्रतिभाओं का सम्मान
कार्यक्रम में शैक्षणिक एवं खेल क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले युवाओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान सुश्री रश्मि कुसरे एमपीपीएससी वर्ष 2023 में डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित, रंजीत सिंह सैयाम वर्ष 2025 में सहायक प्राध्यापक पद पर चयनित, रमेश पूषाम वर्ष 2025 में सहायक प्राध्यापक पद पर चयनित, प्रवीण मसराम, उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता (भाला फेंक) में द्वितीय स्थान, राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
पात्र हितग्राहियों को किया गया हितलाभ वितरण
जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को आर्थिक सहायता, चेक एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। जिनमें दिलीप सिंह मार्को, ग्राम मसूरघुघरी भगवान बिरसा मुंडा योजनान्तर्गत सैनिटरी से संबंधित कार्य हेतु 8 लाख, झाम सिंह को टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना से 10 हजार, दिव्येष उइके, पुत्र राजेश उइके, को राजूषा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रतिभावान छात्रवृत्ति, श्रीमती ज्योति चंदेल को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 22 लाख 90 हजार (बस हेतु), समीम बानो, ग्राम अझवार को पीएम स्वनिधि से 50 हजार का चेक, विजेन्द्र मरावी, ग्राम बैदरा को टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना से 1 लाख 90 हजार का चेक, आनंद धुर्वे को पीएम स्वनिधि से 15 हजार का चेक, इसके अतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को नियुक्ति आदेश भी प्रदान किए गए।
विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों द्वारा परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया गया। अतिथियों ने जनकल्याण से जुड़े नवाचारों एवं योजनाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों के कार्यों की सराहना की।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, म.प्र. ग्रामीण आजीविका मिशन, तेजस्वनी स्व-सहायता समूह, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, महिला बाल विकास विभाग के द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें मुख्य आकर्षण रहा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई जनजातीय व्यंजन प्रदर्शनी, जिसने स्थानीय स्वाद, परंपरा और पौष्टिकता का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।



