
परवाज – युवा संगम – डिंडौरी में 17 फरवरी को लगेगा रोजगार मेला, 20 से अधिक कंपनियां देंगी नौकरी के मौके
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 16 फरवरी, 2026 –
जिला प्रशासन डिंडौरी के तत्वावधान में जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 17 फरवरी 2026 को एक दिवसीय परवाज – युवा संगम “रोज़गार मेला” आयोजित किया जा रहा है। यह मेला चंद्रविजय महाविद्यालय, डिंडौरी परिसर में सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें 20 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
इन क्षेत्रों में रहेंगे रोजगार के अवसर उपलब्ध
रोजगार मेले में फैक्ट्री (औद्योगिक उत्पाद), मोटरसाइकिल/वाहन रिपेयरिंग, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डिंग/फिटर/प्लम्बर, होटल मैनेजमेंट, सिक्योरिटी गार्ड, सोलर पैनल फिटिंग, प्लांट असिस्टेंट वर्कर, सेल्स एवं मार्केटिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
अभ्यर्थियों के लिए ये रहेगी पात्रता
मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 5वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक रखी गई है। इच्छुक युवाओं को अपने साथ 3 पासपोर्ट साइज फोटो, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की प्रतिलिपि, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड अनिवार्य रूप से लाना होगा।
जिले के सभी युवाओं से अपील
जिले के सभी युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाते हुए अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाएं। इस आयोजन में जिला रोजगार कार्यालय, डिंडौरी, मध्य प्रदेश आजीविका मिशन एवं प्रदान का सहयोग रहेगा। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि मेले में चयनित अभ्यर्थियों को कंपनियों द्वारा मौके पर ही प्राथमिक चयन, साक्षात्कार एवं मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे युवाओं को शीघ्र रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।




