मजदूरों का हक डकार गई फर्म! फर्जी बिल लगाकर मजदूरी की राशि आहरण करने का आरोप, जनसुनवाई में फिर पहुंचीं महिला पंच

Listen to this article

उपसंपादक मोहम्मद साहिब 9406850186

जनपद टुडे डिंडोरी 17 फरवरी— जनपद पंचायत डिंडौरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत डांड विदयपुर माल में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। यहाँ सीसी रोड निर्माण में पसीना बहाने वाले गरीब मजदूरों की मजदूरी की राशि मेसर्स पूषम ट्रेडर्स द्वारा कूटरचित तरीके से और फर्जी बिल लगाकर निकाल ली गई है। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में पहुँचीं महिला पंचों ने कलेक्ट्रेड में इस फर्जीवाड़े की लिखित शिकायत कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

पिछली जनसुनवाई में नहीं हुआ निराकरण

वार्ड पंच सोनवती टेकाम और जयमति टेकाम ने कलेक्ट्रेट में बताया कि उन्होंने उक्त मामले की शिकायत पिछली जनसुनवाई (10 फरवरी 2026) में भी प्रमुखता से की थी। लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी शासन-प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई ठोस निराकरण नहीं किया गया और न ही मजदूरों को उनकी मेहनत का पैसा मिला। प्रशासनिक उदासीनता के कारण आज दोबारा महिला जनप्रतिनिधियों को जनसुनवाई की दहलीज पर खड़ा होना पड़ा।

 पूषम ट्रेडर्स पर फर्जीवाड़े का गंभीर आरोप

दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत में सरपंच के आदेशानुसार सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया गया था। आरोप है कि मेसर्स पुशाम ट्रेडर्स ने मजदूरों के नाम पर फर्जी बिल लगाए और ‘साइड शोल्डर’ व मजदूरी की पूरी राशि स्वयं के खातों में आहरित कर ली। जिस कारण वास्तविक मजदूरों को आज तक उनके काम का भुगतान नहीं मिल पाया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

गाँव में पेयजल की भी भारी किल्लत

भ्रष्टाचार के अलावा पंचों ने वार्ड क्रमांक 3 और 4 की बदहाली का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गाँव में ‘नल-जल योजना’ पूरी तरह बंद पड़ी है, जिसके कारण महिलाओं को एक किलोमीटर दूर से पीने का पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। गर्मियों की आहट के साथ ही पेयजल संकट और गहराने लगा है।

जांच और भुगतान की उठी मांग

पंचों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मेसर्स पूषम ट्रेडर्स के बैंक खातों और भुगतान प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की जाए। साथ ही दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए मजदूरों की रुकी हुई मजदूरी का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। शिकायत के दौरान मुख्य रूप से वार्ड पंच सोनवती तेकाम (वार्ड 4), जयमति तेकाम (वार्ड 3) उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000