
उद्योग संवर्धन की बैठक – एमएसएमई उद्योगों के संवर्धन हेतु आवश्यक परामर्श एवं सुझावों पर विचार-विमर्श
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 21 फरवरी 2026 – कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग संवर्धन संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, एमएसएमई इकाइयों के विकास तथा उद्यमियों को आ रही समस्याओं के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में एमएसएमई उद्योगों के संवर्धन हेतु आवश्यक परामर्श एवं सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया। औद्योगिक क्षेत्र चटुवा के विकास को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक अधोसंरचना विकसित करने तथा क्षेत्र में प्लांटेशन कर फ्लेक्स एवं बैनर लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिले में स्थापित किए जा सकने वाले संभावित उद्योगों की पहचान एवं उनके विकास की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई।
मध्यप्रदेश एमएसएमई विकास नीति एवं प्रोत्साहन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में उपस्थित व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को राज्य शासन की एमएसएमई प्रोत्साहन योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिला स्तर पर उद्योगों के संचालन में आ रही प्रमुख समस्याओं जैसे—बाजार की उपलब्धता, कच्चे माल की आपूर्ति, परिवहन व्यवस्था तथा उद्यमियों के एक्सपोजर विजिट के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा वर्तमान में आ रही कठिनाइयों से कलेक्टर को अवगत कराया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, सीडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर बैद्यनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्रीमती राधिका कुसरो सहित जिले के प्रमुख उद्यमी संजय जैन, रविराज बिलैया, पंकज खमरिया, राजेंद्र परमार, संजय कुमार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



