
धावाडोंगरी उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण में भ्रष्टाचार, निरंकुश ठेकेदार कर रहा मनमानी
निर्माण में सुधार की बजाय शिकायतकर्ताओं को मिल रही धमकी ग्रामीणों का आरोप
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 21 फरवरी 2026 – जिले के अंदर करोड़ों रुपए के निर्माण कार्य विभागीय अधिकारियों के देखरेख में संचालित हो रहे हैं प्राय देखा जा रहा है कि प्रशासन की देखरेख और लगातार मॉनिटरिंग के बाद भी निर्माण एजेंसियां मनमानी पर उतारू है। ठेकेदारों की मनमानी, घटिया स्तर का निर्माण कार्य, गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग निर्माण एजेंसियों के निरंकुश होने की ओर साफ संकेत करते हैं।
धवा डोंगरी में हो रहा है उप स्वास्थ्य केंद्र का घटिया निर्माण

ऐसा ही एक मामला करंजिया विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत धवाडोंगरी का सामने आया है जहां पर 65 लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य जारी है उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के प्रारंभ से ही संबंधित ठेकेदार पर गुणवत्ताहीन मैटेरियल के उपयोग करने तथा घटिया स्तर के निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के द्वारा लगाया जाता रहा है।
पूर्व में भी की जा चुकी शिकायत पर नहीं हुआ सुधार
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में ठेकेदारी की मनमानी को लेकर लिखित तौर पर कलेक्टर को शिकायत की थी जिसके बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी और निर्माण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए थे अधिकारियों की लगातार जांच और निर्देश के बाद भी ठेकेदार मनमानी पर उतारू है किसी प्रकार का कोई सुधार निर्माण कार्य में देखने को नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण कार्य में सुधार करने की बजाय अब ठेकेदार शिकायतकर्ताओं को ही फोन पर धमकाने का कार्य कर रहा है जिसके चलते ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि संपूर्ण निर्माण कार्य की एक बार पुनः जांच कराई जाए जिससे निर्माण कार्य में हो रही लापरवाही उजागर हो जाएगी ।


