
कोतवाली पुलिस ने पकड़े अवैध पशु तस्कर 1 गिरफ्तार 2 फरार, ठूंस ठूंस कर भरे थे 23 नग मवेशी

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 22 फरवरी 2026 – कोतवाली पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 नग मवेशियों से भरी एक लाल रंग डाला बॉडी गाड़ी को जब्त किया है। यह कार्रवाई 22 फरवरी 2026 को ग्राम इमलई पहाड़ी के पास की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक डाला बॉडी वाहन में अवैध रूप से मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर इमलई से जबलपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वाहन क्रमांक MP 20 XB 5439 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मौके पर वाहन के पास मौजूद व्यक्ति सहजाद कुरैशी (26 वर्ष) निवासी शास्त्री वार्ड, शेल्टर हाउस रोड, टेकर ग्राम जबलपुर को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में वाहन चालक का नाम रिजवान खान (लगभग 27 वर्ष) निवासी दोहई , एवं खलासी राजा बताया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 23 नग भैंस/पड़ा अमानवीय तरीके से ठूंसे हुए पाए गए।
आरोपियों द्वारा मवेशियों के परिवहन से संबंधि कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित निकालकर कांज हाउस भेजा, जहां उनके चारा, पानी एवं उपचार की व्यवस्था की गई। पशु चिकित्सक द्वारा मवेशियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। इस मामले में पुलिस ने धारा 94 बी.एन.एस.एस., मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम 1959, एवं पशु क्रूरता अधिनियम 1960 की धारा 11 (घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। फरार आरोपी वाहन चालक एवं अन्य की तलाश जारी है।
संपूर्ण कार्यवाही में थाना कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे उप निरीक्षक भिपेंद्र पाठक प्रधान आरक्षक आदित्य शुक्ला विकास पटेल आरक्षक निलेश साहू प्रवेश पटेल अवनीश यादव हेमंत झरिया कैलाश द्विवेदी की मुख्य भूमिका रही।

