
डिंडोरी जिले में 21 गेहूं पंजीयन केंद्र स्थापित-7 मार्च तक पंजीयन करा सकते हैं जिले के किसान
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 23 फरवरी, 2026 – म.प्र. शासन, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, मंत्रालय भोपाल के परिपत्र के तहत जारी पंजीयन नीति के अनुसार जिले में 7 फरवरी 2026 से 7 मार्च 2026 तक किसान पंजीयन की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
21 केंद्रों पर पंजीयन की व्यवस्था की गई
जिले की बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी समितियों (लैम्प्स) के माध्यम से निम्नलिखित 21 केंद्रों पर पंजीयन की व्यवस्था की गई है-डिंडोरी, सरहरी, शाहपुर, समनापुर, चांदरानी, कुकर्रामठ, छांटा, निघोरी (भानपुर), अमरपुर, गाडासरई, करंजिया, परसेल, बजाग, शहपुरा, बरगांव, गोरखपुर, बिछिया, मानिकपुर (शहपुरा), कठोतिया, चांदपुर एवं मेहदवानी।
प्रत्येक पंजीयन केंद्र पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग डिंडोरी के कृषि विस्तार अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पंजीयन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने जिले के किसानों से अपील
जिला आपूर्ति अधिकारी ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपने निकटतम पंजीयन केंद्र पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होकर निःशुल्क पंजीयन कराएं। किसान अपनी सुविधा अनुसार एमपी ऑनलाइन अथवा कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से अधिकतम 50 रुपये शुल्क देकर भी पंजीयन करा सकते हैं।




