
जिला शांति समिति की बैठक सम्पन्न, होली, ईद-उल-फितर, महावीर जयंती, एवं हनुमान जयंती पर्व शांतिपूर्ण मनाने की अपील

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी 23 फरवरी, 2026 – आगामी मार्च अप्रैल माह में मनाए जाने वाले प्रमुख त्योहारों में शांति सुरक्षा एवं सद्भावना की दृष्टि से शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों जनप्रतिनिधियों एवं मीडिया की मौजूदगी में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने अवगत कराया कि 02 मार्च 2026 को होलिका दहन, 04 मार्च 2026 को होली/धुरेडी, 08 मार्च 2026 को रंगपंचमी तथा 21 मार्च 2026 को (चाँद दिखने की स्थिति में) ईद-उल-फितर, 31 मार्च को महावीर जयंती एवं 02 अप्रेल को हनुमान जयंती का पर्व मनाया जाएगा। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाने तथा प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।
होली/धुरेड़ी एवं रंगपंचमी के संबंध में निर्देश
कलेक्टर ने होलिका दहन लकड़ियों के स्थान पर गौ-काष्ठ एवं कंडों से किए जाने की अपील की, ताकि लकड़ी की बचत हो सके। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि होली के दौरान जबरन चंदा वसूली न की जाए, मार्गों में पत्थर अथवा अवरोध न रखे जाएं तथा प्रतिबंधित रंग, पेंट, कीचड़ आदि का प्रयोग न किया जाए। रंग लगाने के इच्छुक न होने वाले व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती न करने की हिदायत दी गई।
होलिका दहन, विद्युत एवं टेलीफोन लाइनों/खंभों से दूर तथा मुख्य मार्गों व सार्वजनिक चौराहों के मध्य न किए जाने के निर्देश दिए गए। राह चलते व्यक्तियों से अनावश्यक वसूली अथवा दबाव बनाने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि होलिका दहन से लेकर रंगपंचमी तक लगातार गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि कहीं भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और आवागमन बाधित न हो। आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। अवैध शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
धीमी आवाज में करें ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग
चूंकि जिले में हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की बोर्ड परीक्षाएं संचालित हैं, अतः ध्वनि विस्तारक यंत्र अत्यंत धीमी आवाज में उपयोग किए जाने तथा डीजे का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रखने के निर्देश दिए गए। अधिक ध्वनि या डीजे का उपयोग पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर संबंधित थाना/चौकी में शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी, जिस पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।
Pwd,mpeb, और नगर परिषद को जिम्मेदारी
विद्युत विभाग को त्यौहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु विशेष दल गठित करने के निर्देश दिए गए। नगर परिषद एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रमुख स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा पीडब्ल्यूडी एवं नगर परिषद द्वारा साफ-सफाई एवं मार्गों के मरम्मतीकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
ईद-उल-फितर के संबंध में आवश्यक व्यवस्थाएं
बैठक में बताया गया कि 21 मार्च 2026 को (चाँद दिखने की स्थिति में) ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाएगा। मस्जिद कमेटियों से आग्रह किया गया कि वे पर्व में सम्मिलित होने वाले व्यक्तियों की संभावित संख्या एवं आयोजन स्थलों की जानकारी पुलिस विभाग को उपलब्ध कराएं।डिण्डौरी नगर के अतिरिक्त अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि डीजे अधिक आवाज में चलाएं नियमों का पालन न करने पर कार्यवाही की जाए। साथ ही साथ दोपहिया वाहन चलाते समय हैलमेट का उपयोग करने तथा चार पहिया वाहन चालकों को हमेशा शीटबेल्ट लगाने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों मे चल रहे शादी-बारात, धार्मिक स्थल, रैलियों में अधिक आवाज के साथ डीजे बजाने वालों पर भी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के समापन पर कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए होली, धुरेडी, रंगपंचमी एवं ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं दीं तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने का आह्वान करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, अपर कलेक्टर जेपी यादव, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता सारस, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, एसडीओपी विवेक गौतम, थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद नगपुरे, होमगार्ड कमांडेड, अशोक अवधिया, रजनीश राय, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, डॉ. इकबाल , कैलाशचंद जैन, महेश पाराशर, राजेन्द्र परमार, शफीक खान, ब्रजेश दीक्षित तहसीलदार डिंडौरी रामप्रसाद मार्को, नगर परिषद अधिकारी अमित तिवारी, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।




