जिला पशु चिकित्सालय में कलेक्टर का औचक निरीक्षण-  एक्सपायरी दवाइयों को जलाने के मामले को लिया संज्ञान 

Listen to this article

 

 

कार्यविभाजन आदेश उपलब्ध न होने पर जताई कड़ी नाराजगी,

संपादक प्रकाश मिश्रा 
जनपथ टुडे डिंडौरी : 12 मार्च, 2026
जिला पशु चिकित्सालय एवं डेयरी विभाग डिंडौरी से संबंधित समाचार पत्रों में प्रकाशित दवाइयों को कार्यालय प्रांगण में जलाने से प्रदूषण फैलने की खबर को जिला कलेक्टर ने गंभीरता से लिया। जनपथ टुडे ने स्वास्थ्य से जुड़े इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। मामले की गंभीरता को समझते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिला पशु चिकित्सालय कार्यालय पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालय प्रांगण में जलाई गई खाली शीशियों एवं खराब दवाइयों एवं कचरे के स्थल का निरीक्षण किया।

रहवासी इलाकों से दूर हो खराब दवाइयों का नष्टीकरण 

कलेक्टर ने जिला पशु चिकित्सालय अधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में खाली शीशियों एवं खराब दवाइयों का नष्टीकरण या जलाने की प्रक्रिया बस्ती से दूर निर्धारित स्थान पर ही की जाए, ताकि प्रदूषण फैलने की संभावना न रहे।

लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पशु चिकित्सालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने ओपीडी कक्ष, दवाई वितरण कक्ष, डॉक्टर कक्ष तथा उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यालय में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए अनुपस्थित एवं अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। लंबे समय से अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने जिला पशु चिकित्सालय अधिकारी से कार्यालय की सभी शाखाओं के कार्यविभाजन आदेश, पंजी एवं कार्यवाही विवरण प्रस्तुत करने को कहा। कार्यविभाजन आदेश उपलब्ध न होने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए दो दिवस के भीतर जिला मुख्यालय एवं विकासखंड स्तर पर संचालित केंद्रों में पदस्थ कर्मचारियों का कार्यविभाजन आदेश जारी करने के निर्देश दिए।

लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश 

इस दौरान कलेक्टर ने प्रभारी अधिकारी एच.पी. शुक्ला एवं स्थापना शाखा प्रभारी  राजेन्द्र कुमार, सहायक पशु चिकित्सालय अधिकारी को कार्यालय में नियमित साफ-सफाई, दवाइयों का सुव्यवस्थित वितरण, पशुओं के उपचार की नियमित व्यवस्था तथा सभी केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लापरवाह अधिकारी-कर्मचारियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार , डॉक्टर अभिनय शुक्ला सहित पशु चिकित्सालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000