
घरेलू एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश, गैस एजेंसी संचालकों की बैठक संपन्न

जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 12 मार्च, 2026- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में जिले के समस्त गैस एजेंसी संचालकों/प्रबंधकों, जिला नोडल अधिकारी उज्ज्वला योजना तथा सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले में संचालित 10 गैस एजेंसियों में उपलब्ध एलपीजी स्टॉक की समीक्षा की गई। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देशित किया गया कि घरेलू एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उपभोक्ताओं को 25 दिवस बाद बुकिंग कराने पर सुलभता से गैस उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए समय पर ऑयल कंपनियों को इंडेंट भेजकर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित ऑयल कंपनी के सेल्स अधिकारी से संपर्क कर त्वरित निराकरण कराया जाए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वाणिज्यिक उपभोक्ताओं जैसे होटल, मॉल, औद्योगिक इकाइयों एवं फैक्ट्रियों को केवल कमर्शियल एलपीजी (बल्क एवं पैक्ड) की ही आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का सख्ती से पालन किया जाए। बैठक में बताया गया कि जिले में संचालित गैस एजेंसियों के पास घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, जिनकी आपूर्ति उपभोक्ताओं को सुलभ रूप से कराई जाए।
इसके साथ ही सभी गैस एजेंसियों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों से आवेदन पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर आगामी तीन दिवस के भीतर ई-केवाईसी तथा एसवी जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला नोडल अधिकारी उज्ज्वला योजना 3.0 एवं सहायक/कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी इस कार्य की सतत मॉनिटरिंग करते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर गैस एजेंसीवार सेचुरेशन प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि घरेलू एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सहायक एवं कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अपने प्रभार क्षेत्र में संचालित गैस एजेंसियों, पेट्रोल पम्पों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच करें। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध Essential Commodities Act, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिले में घरेलू एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति तथा आम उपभोक्ताओं को सुलभता से उपलब्ध कराने की दृष्टि से जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए।


