
डिंडोरी की स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी उपलब्धि: तीन ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ को मिला राष्ट्रीय NQAS सर्टिफिकेट
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 13 मार्च 2026 – जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। भारत सरकार की राष्ट्रीय टीम द्वारा किए गए कड़े मूल्यांकन के बाद डिंडोरी जिले के तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्र) को NQAS (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) का प्रमाणीकरण प्रदान किया गया है।
इन केंद्रों को मिला NQAS का सर्टिफिकेट
विगत माह राष्ट्रीय मूल्यांकन टीम ने जिले के तीन अलग-अलग विकासखंडों के केंद्रों का सघन निरीक्षण किया था। गुणवत्ता के मानकों पर खरा उतरने वाले केंद्रों में –

जल्दा: आकांक्षी विकासखंड बजाग का सुदूर वनांचल ग्राम।

नेझर: आकांक्षी विकासखंड मेहंदवानी का महत्वपूर्ण केंद्र।

भैंसवाही: अमरपुर विकासखंड में स्थित केंद्र।
क्या है इस उपलब्धि के मायने?
NQAS प्रमाणन का मिलना इस बात का प्रतीक है कि इन केंद्रों पर स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, ओपीडी सेवाएं, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों के प्रति व्यवहार अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप है। इससे जिले के आदिवासी हितग्राहियों को अब स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी।
इस गौरवशाली उपलब्धि पर जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया एवं एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन ने हर्ष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
“यह उपलब्धि जिले की स्वास्थ्य टीम की मेहनत का परिणाम है। हमारा लक्ष्य है कि आगामी समय में जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी इसी प्रकार राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणीकृत कराया जाए ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सर्वश्रेष्ठ उपचार मिल सके।”
इन केंद्रों को मिलेगी केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि
इस सफलता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), जिला कार्यक्रम प्रबंधक और संबंधित ब्लॉकों की मेडिकल टीमों का विशेष योगदान रहा। इस प्रमाणीकरण के बाद अब इन केंद्रों को केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी, जिसका उपयोग स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में किया जाएगा।

