भारतीय किसान संघ डिण्डौरी की जिला कार्यकारिणी का सामूहिक इस्तीफा – राजनीतिक हलचल तेज 

Listen to this article

*किसानों की समस्याओं पर कार्रवाई नहीं होने से लिया बड़ा निर्णय*

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिण्डौरी 14 मार्च 2026 :- जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले भारतीय किसान संघ की जिला इकाई ने बड़ा निर्णय लेते हुए अपने दायित्वों से सामूहिक रूप से कार्यमुक्त होने की बात कही है। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में प्रदेश स्तर पर पत्र भेजकर अपने पदों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।

विगत चार वर्षों से जिले में सक्रिय था किसान संघ

प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय किसान संघ जिला डिण्डौरी द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन तक आवाज उठाई जा रही थी। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याएं सुनते रहे और संगठन का विस्तार करते हुए कई ग्राम समितियों का गठन भी किया गया, जिससे संगठन की सक्रियता पूरे जिले में बढ़ी।

बताया गया कि किसानों की मांगों को लेकर 29 दिसंबर 2025 से शहपुरा के रानी दुर्गावती स्टेडियम में अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की गई थी। इस आंदोलन के दौरान किसानों की 29 प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन जबलपुर संभाग के आयुक्त को सौंपा जाना था। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।
जिला पदाधिकारियों का कहना है कि किसान हितों के लिए लगातार संघर्ष करते हुए संगठन के कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत स्तर पर भी समय और धन खर्च किया। इसके बावजूद संगठन स्तर पर उनकी मांगों और प्रयासों को लेकर कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला। इसी कारण संगठन के जिला पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने दायित्वों से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।

नहीं मिला अपेक्षित सहयोग और सकारात्मक परिणाम 

इस संबंध में संगठन के जिला अध्यक्ष बिहारी लाल साहू और जिला मंत्री एड. निर्मल कुमार साहू के हस्ताक्षरयुक्त पत्र संगठन के प्रांत पदाधिकारियों को भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सहयोग और सकारात्मक परिणाम नहीं मिलने के कारण यह निर्णय लेना पड़ा।

किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ सकते हैं किसान नेता – संकेत

जिला कार्यकारिणी के इस सामूहिक इस्तीफे से किसान संगठनों और क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का माहौल बन गया है। जिला किसान संघ से सामूहिक रूप से इस्तीफा देने वाले पदाधिकारी के किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़कर आगे कार्य करने की संभावना व्यक्त की जा रही है। देखना महत्वपूर्ण होगा कि संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं और आगे जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को किस प्रकार संचालित किया जाएगा। बताया जाता है कि पत्र की प्रति मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री को भी भेजी गई है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000