
NMMS परीक्षा सदीपनि विद्यालय नरिया के 04 छात्र-छात्राओ का चयन , हर साल मिलेगी 12 हजार छात्रवृत्ति
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 16 मार्च 2026 – राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय मीन्स-कम-मेरिट छात्रवृत्ति (NMMS) परीक्षा के घोषित परिणामों में शासकीय सांदीपनि विद्यालय नरिया के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। अक्टूबर 2025 में आयोजित इस चयन परीक्षा में विद्यालय के कुल 04 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
चयनित विद्यार्थियों में खेमराज धुर्वे, जीवेन्द्र उइके, मयंक महदेल एवं मोनिका धुर्वे शामिल हैं। इन विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है।
प्रतिवर्ष मिलेगी 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति
NMMS परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को शासन की ओर से कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययन के लिए प्रतिवर्ष 12,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। यह आर्थिक सहायता विद्यार्थियों की उच्च शिक्षा, शैक्षणिक सामग्री एवं अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगी।
इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग राजेन्द्र कुमार जाटव , जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते , जिला परियोजना समन्वयक श्रीमती श्वेता अग्रवाल, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सतीश धुर्वे तथा विकासखंड स्रोत समन्वयक अरुण चौबे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
विद्यालय के प्राचार्य बंशबहोर द्विवेदी ने इसे विद्यालय के सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम बताया। वहीं प्रधानाध्यापक प्रवीण सोनकिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता शिक्षकों के मार्गदर्शन, समर्पण और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मूलचंद मरावी, अरुण यादव, श्रीमती सुचेता झारिया, ज्योति परस्ते सहित समस्त विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




