
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुई खेल गतिविधियों की समीक्षा बैठक संपन्न – वार्षिक खेल बजट की विस्तृत समीक्षा

वार्षिक खेल बजट की विस्तृत समीक्षा
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 24 मार्च, 2026- शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की अध्यक्षता में जिले में खेल गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वार्षिक खेल बजट की विस्तृत समीक्षा की गई तथा जिले के विभिन्न विकासखंडों में संचालित खेल गतिविधियों की प्रगति पर चर्चा हुई। इस दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, तीरंदाजी एवं क्रिकेट टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए उनकी सूची ग्रामवार तैयार करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में विकासखंडवार ब्लॉक समन्वयक, शिक्षा विभाग के पीटीआई एवं खेल परिसर के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही जिले में संचालित “पंखुड़ी” गतिविधि पर चर्चा करते हुए विकासखंड शहपुरा में भी एक केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आगामी माह में शहपुरा में निःशुल्क कोचिंग क्लास प्रारंभ करने का आश्वासन दिया गया।
बैठक में खेल परिसरों एवं खेल गतिविधियों से संबंधित शासन को भेजे गए प्रस्तावों की वर्तमान स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं विद्यालयों में स्थापित जिम मशीनों की सूची तैयार की जाए। जो उपकरण मरम्मत योग्य हैं, उन्हें दुरुस्त कर खिलाड़ियों के उपयोग हेतु उपलब्ध कराया जाए। आवश्यक होने पर विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया। उन्होंने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत स्टेडियम शहपुरा, बिरसा मुंडा, बजाग एवं मेंहदवानी स्टेडियम के मरम्मत कार्य हेतु स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अधोसंरचना को बेहतर बनाकर खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
ब्लॉक समन्वयकों द्वारा कार्यालय भवन की मांग रखने पर विधायक ने कहा कि विकासखंड स्तर पर उपलब्ध शासकीय भवनों का उपयोग करते हुए कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर कार्यालय उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे खेल उपकरणों के सुरक्षित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, सूबेदार कुंवर सिंह, डीएसपी पुरषोत्तम सिंह, जनसंपर्क अधिकारी एवं खेल विभाग से चेतराम अहिरवार, सुश्री आरती सोंधिया, श्रीमती लक्ष्मी बनावल, कैलाश रजक, संतोषी यादव, उषा मानिकपुरी, नारायण मरावी, रोशन बाबू झारिया, सुनीता धुर्वे, सुखना सिंह पन्द्राम, राजकुमार, रमा साहू, अनिल पटेल, आर एस खलको एवं अन्य खेल शिक्षक उपस्थित रहे।



