
बजाग में स्वास्थ्य क्रांति: एसडीएम की पहल पर अब हर सोमवार उप स्वास्थ्य केंद्रों में लगेंगे विशेष शिविर

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 24 मार्च 2026- जिले के आकांक्षी विकासखंड बजाग में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और अंतिम छोर तक पहुँचाने के लिए प्रशासन द्वारा एक सराहनीय कदम उठाया गया है। एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन के दिशा-निर्देशन में अब क्षेत्र के प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र (SHC) में प्रति सोमवार ‘स्पेशल स्वास्थ्य शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वनांचल और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी परिवारों को उनके घर के समीप ही बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।इन विशेष शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की स्क्रीनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
शिविर के दौरान मुख्य रूप से निम्नलिखित सेवाएं प्रदान की जा रही हैं:
टीबी (क्षय रोग) की जांच: संदिग्ध मरीजों की पहचान और बलगम के नमूने लेना।
हेल्थ स्क्रीनिंग: बीपी, शुगर और सिकल सेल जैसे रोगों की शुरुआती जांच।
परामर्श एवं उपचार: मौसमी बीमारियों का उपचार और आवश्यक दवाओं का वितरण।
सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को सौंपी जिम्मेदारी
इस मुहिम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए एसडीएम द्वारा क्षेत्र के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को विशेष जवाबदारी सौंपी गई है। प्रत्येक सोमवार को अपने निर्धारित केंद्र पर उपस्थित रहकर ग्रामीणों को लाभान्वित करना उनकी प्राथमिकता होगी। प्रशासन की इस सक्रियता से उन ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें छोटी जांचों के लिए भी लंबी दूरी तय कर जिला अस्पताल या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता था।
वनांचल में बढ़ेगी स्वास्थ्य जागरूकता
यह पहल न केवल इलाज बल्कि जागरूकता फैलाने में भी मील का पत्थर साबित होगी। नियमित शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता बढ़ेगी, जिससे आकांक्षी विकासखंड के स्वास्थ्य सूचकांकों (Health Indicators) में भी सुधार आने की उम्मीद है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन के इस संवेदनशील निर्णय का स्वागत किया है।
इनका कहना है
इस पहल से दूरस्थ ग्रामों में निवासरत आदिवासी वनांचल के हितग्राहियों को सीधा स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। समय पर जांच होने से बीमारियों का शुरुआती स्तर पर ही उपचार संभव हो सकेगा।” राम बाबू देवांगन
एस डी एम, बजाग


