
कलेक्टर ने घोड़ामाडा जामवंती गुफा का निरीक्षण कर पर्यटन विकास के दिए निर्देश

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 25 मार्च, 2026- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने के उद्देश्य से मेंहदवानी विकासखंड के ग्राम पंचायत हथडोल मनेरी स्थित घोड़ामाडा जामवंती गुफा का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं प्राकृतिक स्थिति का जायजा लिया।
गुफा पहुंच मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जनपद सीईओ मेंहदवानी को गुफा तक सुगम आवागमन हेतु रास्ता विकसित करने एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुफा के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल प्रकृति की गोद में स्थित होने के कारण अत्यंत आकर्षक एवं मनमोहक है, जिसे पर्यटन के रूप में विकसित किया जा सकता है।
कलेक्टर ने गुफा के अंदर जाकर भी निरीक्षण किया, जहां ग्रामीणों द्वारा 151 कलशों के साथ जवारों की स्थापना की गई थी। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो वर्षों से चैत्र नवरात्रि के अवसर पर यहां नियमित रूप से जवारे रखे जाते हैं, जिससे यह स्थल धार्मिक आस्था का भी केंद्र बन गया है।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ले रहे हैं गुफा के विकास में विशेष रुचि
ग्रामीणों ने यह भी जानकारी दी कि स्थानीय विधायक ओमप्रकाश धुर्वे द्वारा गुफा के विकास में सहयोग किया जा रहा है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 100 से 200 श्रद्धालु इस प्राकृतिक स्थल पर पहुंचकर गुफा का आनंद लेते हैं।
गुफा से बह रहे पानी को संरक्षित करने के निर्देश
कलेक्टर ने गुफा से बह रहे पानी को संरक्षित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पानी को रोककर उसका उपयोग पशु-पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के लिए किया जा सकता है।
निरिक्षण के दौरान एसडीएम शहपुरा एैश्वर्य वर्मा, सीईओ जनपद पंचायत मेंहदवानी प्रदीप ओझा, तहसीलदार मेंहदवानी, पंचायत इंस्पेक्टर सहायक परियोजना अधिकारी अशोक कुडापे, सबइंजीनियर, सहायक यंत्री आरईएस एच.एस. परस्ते सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।



