प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता: 34 हितग्राहियों को नोटिस जारी, समाप्त हो सकती है पात्रता 

Listen to this article

प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता: 34 आवास हितग्राहियों को नोटिस

संपादक प्रकाश मिश्रा 
जनपथ टुडे डिंडौरी : 02 अप्रैल, 2026- 
प्रधानमंत्री आवास योजना (AHP घटक) के अंतर्गत नगर परिषद डिण्डौरी में पूर्व में आबंटित आवासों में अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर 34 हितग्राहियों को नोटिस जारी किया गया है।

जांच समिति, जिसमें नायब तहसीलदार शाहपुर  शशांक शेडे,  यशवंत मशराम उपयंत्री एवं  हेमंत उइके राजस्व निरीक्षक डिंडोरी शामिल थे, टीम द्वारा किए गए सत्यापन में पाया गया कि 83 आवंटित आवासों में से 8 हितग्राही स्वयं निवासरत न होकर अपने आवास को किराए पर दे रहे हैं, जबकि 26 हितग्राहियों के आवास लंबे समय से खाली या बंद पड़े हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि संबंधित हितग्राहियों को आवास की वास्तविक आवश्यकता नहीं है और शासन की योजना का दुरुपयोग किया जा रहा है।

34 हितग्राहियों की पात्रता समाप्त करने तथा आवंटित राशि राजसात करने की प्रक्रिया शुरू 

कलेक्टर के निर्देशानुसार इन 34 हितग्राहियों की पात्रता समाप्त करने तथा आवंटित राशि राजसात करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में संबंधित हितग्राहियों को नोटिस जारी कर 6 अप्रैल 2026 को शाम 4 बजे तक कलेक्टर के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इनका कहना है –

जिला प्रशासन के निर्देश पर पीएम आवास योजना के तहत आवंटित आवासों का निरीक्षण किया गया है बंद पड़े तथा किराए पर देने वाले हितग्राहियों को नोटिस जारी किया गया है समय सीमा में जवाब नहीं देने वालों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

                                   अमित तिवारी

                                     सीएमओ 

 

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000