
अनाधिकृत अतिक्रमण और शहर में बजबजाती नालियों पर कलेक्टर ने व्यक्त की नाराजगी

गायत्री मंदिर,शंकर घाट, सब्जी मंडी और गला गोदाम में निर्माणाधीन चौपाटी का भी किया निरीक्षण
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 5 अप्रैल 2026 – रविवार की सुबह जिले की कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने प्रशासनिक अधिकारियों जनप्रतिनिधियों व्यापारी प्रतिनिधियों और मीडिया के साथ पैदल भ्रमण करते हुए नगर में साफ सफाई व्यवस्था, अवैध अतिक्रमण, सब्जी मंडी, गल्ला गोदाम तथा मीट मटन की दुकानों का निरीक्षण किया ।
गंदगी देख लगाई फटकार
निरीक्षण के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में बेतरतीब फैली गंदगी और कचरो को ढेर को देखकर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सीएमओ नगर परिषद को शहर के सभी 15 वार्ड में विशेष अभियान चलाकर नालियों की सफाई सार्वजनिक स्थलों में जमा कचरे के ढेरों को हटाने एवं व्यवस्थित तरीके से सफाई अभियान को संचालित करने के निर्देश दिए।
अवैध अतिक्रमण पर सख्त दिखी कलेक्टर, तहसीलदार एवं एसडीएम को कार्यवाही के निर्देश
मुख्य मार्ग बस स्टैंड में नवनिर्मित नाले से लगाकर अवैध तरीके से निर्मित किए जा रहे दुकानों मकानों पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की उन्होंने नगर परिषद के राजस्व निरीक्षक को फटकार लगाते हुए कहा कि इन पर रोक लगाना या समय रहते उनकी सूचना प्रशासन को देने की आपकी जिम्मेदारी है जो आपने नहीं की है इसी प्रकार शंकर घाट के पास बन रहे नाले के ऊपर हुए अतिक्रमण पर भी कलेक्टर ने तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं । इसके अलावा नर्मदा पथ पर नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को भी हटाने की कार्रवाई के संकेत कलेक्टर ने दिए।

सब्जी मंडी का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने सब्जी मंडी की व्यवस्था का निरीक्षण किया सब्जी व्यवसाईयों को निर्धारित सीमा के अंदर रहकर अपनी दुकानों के संचालन करने की हिदायत दी। कृषि मंडी शेड को अतिक्रमण से मुक्त रखने एवं साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मीट मटन की दुकानों को सब्जी मंडी से हटाने के निर्देश
सब्जी मंडी के निरीक्षण के दौरान आम लोगों के द्वारा वहां से मीट मटन की दुकानों को हटाने की शिकायत पर कलेक्टर ने वहां चल रही मीट मटन की दुकानों को तत्काल सख्ती के साथ हटाए जाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर ने नगर के मध्य गल्ला गोदाम में निर्माणाधीन चौपाटी का भी निरीक्षण किया ।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एक सप्ताह में चौपाटी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की निर्देश दिए।


