
कुश्ती खिलाड़ी चाँदनी नरेती को कलेक्टर ने किया सम्मानित – यूथ गेम्स में लगातार जीते पदक, जिले का बढ़ाया मान
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 06अप्रैल,2026- जिले की प्रतिभाशाली कुश्ती खिलाड़ी चाँदनी नरेती ने खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक उपलब्धियां हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। खेलो मध्यप्रदेश यूथ गेम्स के अंतर्गत उज्जैन में आयोजित प्रतियोगिता में चाँदनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक प्राप्त किया।

कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया ने किया सम्मानित
सोमवार को डिंडौरी कलेक्टर ने कुश्ती खिलाड़ी चाँदनी नरेती को फूलमाला एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
खिलाड़ियों ने की प्रशिक्षण हाल और बैडमिंटन कोर्ट की मांग
कलेक्टर से मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने खेल प्रशिक्षण के लिए हॉल और बैडमिंटन कोर्ट की मांग रखी । कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी को एक माह के भीतर नया कोर्ट तैयार करने तथा हाल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ।कलेक्टर ने खिलाड़ियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे अपनी समस्याएं सीधे दूरभाष के माध्यम से साझा कर सकते हैं तथा खेल के क्षेत्र में हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
चाँदनी नरेती वर्तमान में शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय, डिंडौरी में बी.एस.सी. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा हैं। उनके पिता शिव प्रसाद नरेती एवं माता श्रीमती सुनीता नरेती हैं। वे ग्राम घेवरी, विकासखंड अमरपुर, जिला डिंडौरी की निवासी हैं। चाँदनी की इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है और उन्हें लगातार बधाइयाँ दी जा रही हैं।
इस दौरान खेल और युवा कल्याण विभाग से चेतराम अहिरवार, सुश्री आरती सोंधिया, संतोषी यादव, चन्द्रविजय महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी मो. आमिर खान, खिलाडी चांदनी नरेती के माता-पिता, भाई-बहिन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


