
नगर परिषद डिंडौरी की विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की कलेक्टर ने की विस्तृत समीक्षा

नगर परिषद डिंडौरी की विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक
संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडौरी : 07 अप्रैल,2026 विगत दिवस
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में नगर परिषद डिंडौरी के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बीएलसी घटक (1.0 एवं 2.0) तथा एएचपी घटक की प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके अतिरिक्त पट्टा अभियान, राजस्व वसूली, नवीन व्यवसायिक परिसर निर्माण, डिवाइडर निर्माण कार्य, प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर योजना, स्ट्रीट वेंडर योजना 2.0, अमृत 2.0 योजना तथा जल गंगा संवर्धन अभियान से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
प्रत्येक माह 10 से 15 आवास पूर्ण करने और राजस्व शत प्रतिशत वसूली के निर्देश
कलेक्टर ने नगर परिषद अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निमार्णाधीन आवासों का प्रत्येक माह 10 से 15 आवास पूर्ण होने चाहिए और साथ ही राजस्व वसूली नियमित रूप से शत प्रतिशत वसूली होनी चाहिए। शहर के मुख्य मार्ग डिवाईडर पर किसी भी प्रकार का किसी भी व्यक्ति के द्वारा बैनर, फ्लैक्स, झंडे न लगाए जाएं ताकि आवागमन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो और दुघर्टना से बचाव हो सके। साथ ही साथ फुटपाथ पर ठेला, सब्जी दुकान एवं अन्य दुकानों को निर्धारित स्थानों पर ही संचालित किए जाएं।
त्रम्ब्केश्वर पार्क की व्यवस्थाऐं सुदृढ़ किए जाने के निर्देश
कलेक्टर ने नगर परिषद अधिकारी को निर्देश दिए कि सिविल लाइन में स्थित त्रम्ब्केश्वर पार्क की व्यवस्थाऐं सुदृढ़ किए जाऐं एवं उसकी एक सप्ताह के अन्दर मरम्मत कार्य किया जाए ताकि छोट-बडे़ बच्चे पार्क का आनंद ले सकें। साथ ही साथ जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पानी को संरक्षण एवं शहर में तालाब, पार्क, मैदान, कॉलोनी, वार्ड़ में साफ-सफाई और सौन्दर्यीकरण की व्यवस्था की जाए।
कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का क्रियान्वयन समय-सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए तथा हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ समय पर प्राप्त हो। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, नगर परिषद सीएमओ अमित तिवारी, एवं नगर परिषद स्टॉफ सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

