वन विभाग की प्रताड़ना से तंग आकर आदिवासी नेता काकोडिया ने पिया जहर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Listen to this article

वन विभाग की प्रताड़ना से तंग आकर जयस के प्रदेश अध्यक्ष ने पिया जहर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

देवास जिले के हरनगांव में वन विभाग का अमला रामदेव काकोड़िया को उनके आधिपत्य की जमीन से बेदखल करने पहुंचा था, इसी दौरान उन्होंने जहर पी लिया।

जनपथ टुडे, देवास, 1 दिसंबर 2023, मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां JAYS के प्रदेश अध्यक्ष रामदेव काकोड़िया ने आत्महत्या की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि काकोडिया ने वन विभाग की प्रताड़ना से तंग आकर कीटनाशक पी लिया। घटना के बाद जिले के आदिवासियों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है।

 

 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक वन विभाग की टीम हरनगांव में रामदेव काकोड़िया के आधिपत्य की जमीन छीनने पहुंची थी। वन विभाग के लोग जेसीबी से उनके खेत में गड्ढे कर रहे थे। काकोडिया ने उन्हें रोकने की खूब कोशिशें की लेकिन वह नहीं माने। इतना ही नहीं काकोड़िया ने कोर्ट का ऑर्डर भी दिखाया, लेकिन जेसीबी को नहीं रोका गया। तंग आकर उन्होंने टीम के सामने ही कीटनाशक पी लिया। जानकारी के अनुसार उपचार चल रहा है किन्तु स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

आत्महत्या करने से पहले काकोड़िया ने एक वीडियो जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि वन विभाग ने मेरे खिलाफ 15 से 20 प्रकरण लगाए हैं और मुझे 20 साल से प्रताड़ित कर रहे हैं। इसलिए मैं ये दवा पी रहा हूं, और मेरी मौत की जिम्मेदारी वन विभाग के होगी। मामले में काकोडिया के भाई ने पुलिस थाने में वन अमले के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की शिकायत की है। शिकायत में आरोप लगाया है कि भाजपा विधायक आशीष शर्मा के इशारे पर वन विभाग ने यह कार्रवाई की है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000