भू-राजस्व की वसूली सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करें: कलेक्टर

Listen to this article

कलेक्टर रत्नाकर झा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए उक्त निर्देश

जनपथ टुडे, डिंडौरी, 29 दिसंबर 2021, कलेक्टर रत्नाकर झा ने सभी राजस्व अधिकारियों को भू-राजस्व की वसूली सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। भू-राजस्व वसूली में राजस्व निरीक्षक और पटवारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो व्यक्ति भू-राजस्व की राशि जमा नहीं कर रहे हैं, उनके दुकानों/बैंक खातों की जानकारी लेकर उनके दुकानों में ताला लगाया जाए और बैंक खातों को फ्रीज किया जाए। राजस्व अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा। भू-राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने पर राजस्व निरीक्षक और पटवारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाई जाएगी। कलेक्टर ने बुधवार को आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में उक्त निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर अरूण कुमार एसडीएम डिंडौरी सुश्री रजनी वर्मा, एसडीएम शहपुरा श्रीमती काजल जावला सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं राजस्व निरीक्षक मौजूद थे।

कलेक्टर झा ने राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों को दूर करने के लिए चलाए गए शुद्धिकरण पखवाड़ा की समीक्षा की। जिससे भू-राजस्व अभिलेखों में आ रही परेशानियों को दूर किया जा सके। कलेक्टर ने खसरा क्षेत्रफल सुधार, रकवा सुधार, भूमि स्वामी के नाम एवं खातों में सुधार, मिसिंग खसरे में सुधार, भूमि का प्रकार इत्यादि में किये गए सुधार कार्याें की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अभिलेखों के त्रुटियों का सुधार होने पर भू-स्वामियों को शासन की योजनाओं से लाभांवित करने को कहा।

कलेक्टर झा ने शासकीय भूमि में किये गए अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारियों को शासकीय भूमि में अतिक्रमण न होने का पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करना होगा। शासकीय भूमि में अतिक्रमण होने की स्थिति में विधिवत रूप से आदेश जारी कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना एवं अन्य मदों से निर्मित सड़क/मार्गाें को राजस्व अभिलेखों में दर्ज करने को कहा। उन्होंने इसी प्रकार से राजस्व न्यायालयों में दर्ज प्रकरणों का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। राजस्व न्यायालयों में कोई भी प्रकरण छः माह से अधिक समय तक लंबित नहीं रहना चाहिए। लंबित प्रकरणों की लगातार पेशी प्रारंभ कर प्ररकणों का निपटारा किया जाए।

कलेक्टर रत्नाकर झा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की समीक्षा की। उन्होंने सभी किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से लाभंावित करने को कहा है। जिन किसानों के बैंक खाता क्रमांक या आधार कार्ड में त्रुटियां हो तो उक्त त्रुटियां सुधार कर किसानों को लाभांवित करें। कलेक्टर झा ने इसी प्रकार से दर्ज व्यपवर्तन प्रकरण की प्रगति पत्रक और अविवादित नामांतरण प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अविवादित नामांतरण प्रकरण का निपटारा छः माह में अनिवार्य रूप से पूरा करें। उन्होंने इसी प्रकार से बंटवारा प्रकरण, नामांतरण प्रकरण, सीमांकन प्रकरण, भूमि बंधक प्रकरण, आरसीएमएस प्रकरण, न्यायालीन प्रकरण, गिरदावरी एप प्रकरण की भी समीक्षा की।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000