आदिवासी क्रांति एकता दल के द्वारा किए गए धान खरीदी फर्जीबाड़ा में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की भूमिका नहीं: अमान पोर्ते

Listen to this article

किसानों के द्वारा गोंडवाना गणतंत्र पार्टी पर लगाए गए थे आरोप

गोंगपा के राष्ट्रीय सचिव ने प्रेस वार्ता कर आरोपो को बताया निराधार

 

जनपथ टुडे, डिंडोरी (प्रकाश मिश्रा) जिला फर्जीबाड़ा करने वालों के लिए चारागाह बना हुआ है दूसरे राज्यों और जिलों से आकर लोग यहां के भोले भाले आदिवासीयो, किसान भाइयों को बहला फुसलाकर उनकी गाढ़ी कमाई को बड़ी आसानी से उडाकर रफू चक्कर हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला बिगत दिनों सामने आया जहां जिले के समनापुर विकासखंड के अंतर्गत कई गांवों में आदिवासी क्रांति एकता दल के नाम से लाखों रुपए की धान खरीदी की गई और बिना भुगतान किए किसानों को चूना लगाकर आरोपी फरार हो गए। जब किसानों को असलियत पता चली तब उन्होंने नजदीकी थाना सहित पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस पूरे मामले में जिले में आदिवासियों के बीच काम करने वाली गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का नाम सामने आया जिसमें शिकायतकर्ताओं ने पार्टी के पदाधिकारियों की भी मिली भगत होने का आरोप लगाया है। वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत होने के बाद मामला मीडिया में छाया रहा जिसके चलते गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की छवि धूमिल हो रही है। पूरे मामले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि कुछ लोगों के द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में धान खरीदी कर किसानों को भुगतान नहीं करने के मामले में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की कोई भूमिका नहीं है।

शिकायत पत्र में आदित्य कोल और किरण मरकाम के खिलाफ फर्जीवाडा करने का आरोप किसानों ने लगाया है। इन दोनों आरोपियों से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का कोई संबंध इस मामले में नहीं है और ना ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के द्वारा किसी व्यक्ति अथवा दल को किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने हेतु अधिकृत किया गया है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अमान सिंह पोर्ते तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अधिवक्ता इरफान मलिक ने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी उन क्षेत्रीय किसानों के साथ है जिनके साथ फर्जीवाड़ा किया गया है तथा पार्टी प्रमुखता से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने हेतु जरूरी कदम उठाएगी।

पार्टी नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी पत्र जो चर्चा में उसे फर्जी बताया है। वही उक्त व्यक्ति जिसे युवा मोर्चा का कार्यकारिणी सदस्य बताया गया है उसकी पड़ताल हेतु संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी मांगे जाने की बात कही। मामले में शामिल आरोपी पार्टी प्रवक्ता हरि सिंह मरावी से उनकी गाड़ी भी बिक्री का अनुबंध कर बिना पूरा भुगतान किए ले गए है। उक्त संस्था द्वारा आदिवासियों के उत्थान के कार्यक्रम चलाने की जानकारी दी थी और इसी के चलते गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेता उनके कुछ आयोजनों में शामिल भी हुए थे। इसके अलावा उक्त संस्था और उसकी गतिविधियों से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और उसके पदाधिकारियों का किसी भी तरह का संबंध नहीं है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमान सिंह पोर्ते ने क्षेत्र के गरीब आदिवासियों से धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग पुलिस प्रशासन से करते हुए बताया कि उन्हें पीड़ित किसानों ने घटना की जानकारी दी होती तो हम उनके साथ मामला दर्ज करवाने भी जाते। अभी भी हम आमजनता के साथ है और आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही हो इसके लिए प्रदेश स्तर पर भी पार्टी प्रयास करेगी। पार्टी उक्त जालसाजों की अन्य क्षेत्रों पर इस तरह की गतिविधियां न हो इसके लिए अपने सभी कार्यकर्ताओं को सतर्क कर चुकी है।

प्रेसवार्ता में उपस्थित पत्रकारों के प्रश्नों के जवाब पार्टी नेताओं द्वारा दिए गए और स्पष्ट तौर पर पार्टी को इस पूरे मामले में घसीटे जाने के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की बात कही गई।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000