
जिला व्यापारी संघ ने की नवागत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया से सौजन्य भेंट
नगर में व्याप्त जनसमस्याओं एवं व्यापारिक हितों के संरक्षण की चर्चा
संपादक प्रकाश मिश्रा 8963976785
जनपथ टुडे डिंडोरी 14 अक्टूबर 2025 – जिला व्यापारिक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिला अध्यक्ष संजय जैन के नेतृत्व में नवागत कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदोरिया से सौजन्य भेंट की एवं डिंडोरी नगर की समस्याओं और व्यापारिकों के संरक्षण को लेकर चर्चा की।
कलेक्टर को सौंपे गए पत्र में उल्लेख करते हुए बताया गया कि डिंडोरी नगर में आम नागरिकों एवं व्यापारिक वर्ग को अनेक मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, व्यापारिक सुगमता एवं नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु निम्न बिंदुओं पर शीघ्र कार्यवाही आवश्यक है।
1. नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में पर्याप्त सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था नहीं है, जिससे नागरिकों को असुविधा होती है। साथ ही फुटपाथ एवं सड़क किनारे लगने वाली दुकानों के लिए स्थायी बाजार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे अव्यवस्था कम हो और व्यापारियों को स्थायित्व मिले। हाई स्कूल के सामने स्थित दुकानों को चौपाटी के रूप में विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिले।
2. नगर में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिसके चलते मलेरिया व डेंगू जैसी बीमारियाँ फैल रही हैं। फॉगिंग व सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। पेयजल आपूर्ति में असमानता व प्रदूषण की समस्या भी गंभीर है, जिसके समाधान हेतु जलशुद्धिकरण व नियमित निगरानी आवश्यक है।
3. नव निर्मित सड़कों व नालियों की गुणवत्ता अत्यंत निम्नस्तरीय पाई जा रही है, जो कुछ ही समय में क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। निर्माण एजेंसी पर कार्यवाही करते हुए गुणवत्ता नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। इसी प्रकार मुक्तिधाम (श्मशान घाट) में साफ-सफाई, प्रकाश व पेयजल की समुचित व्यवस्था की जाए।
4. नर्मदा नदी तट की सफाई व संरक्षण के लिए ठोस कार्य योजना बनाई जाए, जिससे नदी की पवित्रता और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखा जा सके। नगर में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या दुर्घटनाओं का कारण बन रहीं है, इस पर नियंत्रण हेतु पशु आश्रय स्थल की व्यवस्था की जाए।
5. नगर के मुख्य बाजार क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था का अभाव है, जिससे यातायात बाधित होता है। उचित स्थान पर वाहन पार्किंग स्थल विकसित किए जाएँ। साथ ही यातायात व्यवस्था, सिग्नल व पुलिस गश्त को प्रभावी बनाया जाए ताकि नागरिकों व व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
6. रात्रिकालीन समय में स्ट्रीट लाइटें कई क्षेत्रों में बंद या खराब है, जिससे चोरी, दुर्घटनाओं एवं असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है। संबंधित विभाग को इन्हें तत्काल सुधारने हेतु निर्देशित किया जाए।
7. नगर की सफाई व्यवस्था में भी सुधार आवश्यक है, डस्टबिनों की संख्या बढ़ाई जाए तथा नियमित कचरा संकलन सुनिश्चित किया जाए।
8. छोटे सब्जी व ठेला व्यापारियों से दैनिक कर वसूली में छूट प्रदान की जाए, ताकि वे आर्थिक रूप से राहत महसूस कर सकें और व्यापारिक माहौल सुदृढ़ रहे।
साथ ही नगर के व्यापारिक हित में यह भी अनुरोध है कि-
– स्थानीय त्योहारों व पर्वो पर बाजार समय व यातायात प्रबंधन हेतु विशेष व्यवस्था की जाए।
– व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा हेतु सीसीटीवी कैमरे व पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।
-नगर में साप्ताहिक हाट बाजार स्थल को व्यवस्थित कर व्यापारियों को स्थायी स्थान दिया जाए।
-नगर परिषद् से संबंधित करों (लाइसेंस शुल्क, संपत्ति कर आदि) की दरों की पुनः समीक्षा की जाए ताकि लघु व्यापारी वर्ग पर बोझ कम हो।
– व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ मासिक बैठकें आयोजित की जाएँ जिससे प्रशासन और व्यापारी वर्ग के बीच समन्वय बना रहे। उपर्युक्त जनहित एवं व्यापारी हित से संबंधित समस्याओं का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश प्रदान करें, जिससे नगर की जनसुविधाओं एवं व्यापारिक गतिविधियों में सुधार हो सके और नागरिकों को राहत प्राप्त हो।