भाजपा में त्यागपत्रों की झड़ी, टिकेश्वर साहू के बाद पांच अन्य लोगों ने भेजा प्रदेश अध्यक्ष को सामूहिक इस्तीफा

Listen to this article

जनपद सदस्यों ने विधायक और जनपद अध्यक्ष पर लगाए अनदेखी के आरोप, कल ही टेकेश्वर साहू ने भी छोड़ी पार्टी

 

जनपथ टुडे डिंडोरी 29 अक्टूबर— भारतीय जनता पार्टी के शहपुरा संगठन में एक के बाद एक त्यागपत्रों से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जनपद पंचायत शहपुरा के कई वरिष्ठ और सक्रिय सदस्यों ने सामूहिक रूप से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी संगठनात्मक दायित्वों से त्यागपत्र दे दिया है।

त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी भोपाल को संबोधित करते हुए भेजे गए हैं।

सामूहिक रूप से इस्तीफा देने वालों में — जितेन्द्र चंदेल, जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा डिंडौरी एवं वर्तमान उपाध्यक्ष जनपद पंचायत शहपुरा, देवीदीन झारिया, शक्ति केंद्र प्रभारी (गुरैया) एवं जनपद सदस्य, सरोज परस्ते, पूर्व सरपंच एवं वर्तमान जनपद सदस्य, देवकरण परस्ते, पूर्व सरपंच एवं जनपद सदस्य, तथा मोतीबाई तेकाम, जनपद सदस्य शामिल हैं।

विधायक और जनपद अध्यक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

त्यागपत्र में सदस्यों ने विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका आर्मो की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न उठाए हैं।

सदस्यों ने आरोप लगाया है कि दोनों की “सांठगांठ और निजी स्वार्थपूर्ण राजनीति” से पार्टी की साख को गहरा नुकसान पहुँचा है।

जनपद अध्यक्ष की मनमानी और पक्षपातपूर्ण रवैये के कारण अधिकांश भाजपा समर्थित जनपद सदस्य असंतुष्ट हैं।

सदस्यों ने बताया कि इसी असंतोष के चलते अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया था।

त्यागपत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि श्रीमती प्रियंका आर्मो पूर्व में भाजपा की सदस्य नहीं थीं, लेकिन अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में शामिल हुईं और अब अपनी मनमानीपूर्ण कार्यशैली से संगठन की छवि को नुकसान पहुँचा रही हैं।

निष्ठा के बावजूद उपेक्षा, कार्यकर्ताओं में रोष

सदस्यों ने कहा है कि वे वर्षों से संगठन में सक्रिय रहकर विधानसभा और लोकसभा चुनावों में पार्टी के लिए बूथ स्तर तक कार्य करते रहे।

इसके बावजूद विधायक और जनपद अध्यक्ष के हस्तक्षेप के चलते निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा — “हमने संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया, पर अब हमारे जैसे समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी में कोई स्थान नहीं बचा है।”

टेकेश्वर साहू का भी इस्तीफा

उल्लेखनीय है कि बीते कल टेकेश्वर साहू, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष शहपुरा एवं वर्तमान जनपद सदस्य ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने अपने पत्र में विधायक और जनपद अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर गंभीर नाराज़गी व्यक्त की थी।

टेकेश्वर साहू के त्यागपत्र के अगले ही दिन अन्य जनपद सदस्यों का सामूहिक इस्तीफा सामने आना, स्थानीय भाजपा संगठन के भीतर चल रहे असंतोष और खींचतान की पुष्टि करता है।

राजनीतिक हलचल और प्रतिक्रियाएँ

इन त्यागपत्रों के बाद शहपुरा क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी के भीतर जारी यह असंतोष संगठन के लिए गंभीर संकेत है और आने वाले समय में इसके व्यापक राजनीतिक परिणाम देखने को मिल सकते हैं।

स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने अब तक इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।

संवाददाता – भीम शंकर साहू

नोट— जिले की प्रमुख खबरों को देखने के लिए हमारे यूट्यूब चैनल जनपद टुडे को सब्सक्राइब करें या फिर संपर्क करें 9406850186, 8963976785

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000