
स्वामित्व योजना: 100 रजिस्ट्री पूर्ण करने पर पटवारी वसीम कुरैशी सम्मानित
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडौरी 24 अक्टूबर:- स्वामित्व योजना के उत्कृष्ट एवं त्वरित क्रियान्वयन के लिए डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने बजाग तहसील के पटवारी वसीम कुरैशी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वसीम कुरैशी ने योजना के अंतर्गत जिले में सबसे पहले 100 रजिस्ट्री पूर्ण करने की महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पटवारी वसीम कुरैशी को यह सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके द्वारा निष्ठापूर्वक किए गए कार्यों की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि ‘स्वामित्व योजना’ का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी भूमि पर बसे नागरिकों को उनके भू-स्वामित्त्व का अधिकार अभिलेख (प्रॉपर्टी कार्ड) उपलब्ध कराना है। इससे न केवल संपत्ति संबंधी अधिकार सुरक्षित होते हैं, बल्कि ग्रामीणों को वित्तीय ऋण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में भी सुगमता होती है।

