
पिता मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव, बेटा बना कलेक्टर
मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस के बेटे अमनवीर सिंह बैतूल के डीएम बनाए गए
मयंक अग्रवाल को नीमच कलेक्टर बनाया
जनपथ टुडे, भोपाल 9 फरवरी 2021, राज्य सरकार ने मंगलवार को बैतूल और नीमच में कलेक्टर की पदस्थापना कर दी है। दोनों जिलों के कलेक्टर 8 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विशेष निर्देश पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद हटा दिए गए थे।
राज्य सरकार ने बैतूल और नीमच में कलेक्टर की पदस्थापना कर दी है नगर निगम सतना में आयुक्त अमनवीर सिंह को बैतूल का कलेक्टर बनाया गया है। अमन वीर 2013 बैच के आईएएस अफसर है और मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैस के बेटे हैं। इसी तरह इंदौर में अपर कलेक्टर मयंक अग्रवाल को नीमच का कलेक्टर बनाया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को आदेश जारी किया है।
प्रदेश में पहली बार ऐसा हुआ है कि जब किसी आईएएस अफसर के मुख्य सचिव रहते उनका बेटा कलेक्टर बना है। हालांकि पूर्व मुख्य सचिव केएस शर्मा के बेटे आईपीएस मनीष शंकर शर्मा वर्तमान में एडीजी हैं। जब शर्मा प्रदेश के मुख्य सचिव थे तब मनीष शंकर 1999 से 2001 तक रायसेन और सतना एसपी रहे। इकबाल सिंह बैंस की पहली पोस्टिंग 21 जनवरी 1993 को सीहोर में हुई थी विवाह 9 अगस्त 1993 तक पदस्थ रहे थे। अब उनके बेटे को कलेक्टर का पदभार सौंपा गया है।