कलेक्टर के आदेश को भी नहीं मानते अधिकारी कर्मचारी

Listen to this article

कहीं आराम फरमाते कर्मचारी तो कहीं कार्यालयों में लटका ताला

जनपथ टुडे, डिंडोरी, 23 मई 2022, (प्रकाश मिश्रा) प्रदेश में होने जा रहे त्रिस्तरीय चुनाव को लेकर जिला कलेक्टर ने आदेश जारी करते हुए शनिवार और रविवार के अवकाश को निरस्त कर दिया था। पंचायती चुनाव के कामकाज को सुचारू ढंग से संचालित करने एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की दृष्टि से जिला कलेक्टर ने समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को शनिवार और रविवार के दिन बाकायदा ऑफिस में कामकाज करने के निर्देश दिए थे। किंतु शनिवार और रविवार को अधिकांश ऑफिस में सन्नाटा देखा गया। कहीं कार्यालय खुले हैं तो कुर्सियां खाली पड़ी रही और कहीं कर्मचारी अपनी सीट पर आराम फरमाते देखे गए। कई कार्यालय तो ऐसे भी हैं जहां ताला तक नहीं खुला।

कर्मचारी और अधिकारियों की निरंकुशता उनकी इस कार्यप्रणाली से साफ तौर पर जाहिर होती है। जहां वे जिला कलेक्टर के निर्देश जो खासतौर से चुनाव को लेकर जारी किए गए थे उसे भी ठेंगा दिखाते नजर आए। जिला मुख्यालय के अलावा विकासखंडों में भी कमोबेश यही स्थिति सामने आई है। अधिकारी कर्मचारियों की मनमानी के चलते आम जनता तो परेशान हो ही रही है अब जिले के मुखिया भी उनकी नाफरमानी और मनमानी से पीड़ित होते दिख रहे हैं। मजबूर जनता तो साहबो का यह व्यवहार बरसों से झेल रही है देखना होगा कि बड़े साहब की क्या प्रतिक्रिया होती है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000