
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने किया प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक

जनपथ टुडे डिंडौरी 17 अक्टूबर:- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत विकासखंड अमरपुर की ग्राम पंचायत निघौरी में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने प्राथमिक शाला जून्हा टोला निघौरी और स्थानीय आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा संस्थानों में व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं को अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं बिना किसी झिझक के साझा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करें और उसे हासिल करने के लिए नियमित रूप से अध्ययन व निरंतर प्रयास करते रहें।
इसके पश्चात, कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र का रुख किया और वहां बच्चों को दी जा रही पोषण व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिक शाला और आंगनवाड़ी केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं तथा शैक्षणिक गतिविधियों और बाल विकास सेवाओं की गुणवत्ता हर हाल में बनाए रखी जाए।
