संविधान के प्रावधान भाषणों तक सीमित न रहें, धरातल पर लागू हों : इंजी कमलेश तेकाम

Listen to this article

✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक

जनपथ टुडे डिंडौरी 26 नवंबर:- गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इंजी कमलेश तेकाम ने संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि संविधान की मूल भावना से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, जल-जंगल-जमीन और आदिवासी, दलित, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों को तत्काल सुनिश्चित करना सरकार का पहला धर्म होना चाहिए।

इंजी कमलेश तेकाम ने संविधान दिवस के पावन अवसर पर समस्त देशवासियों, संविधान निर्माताओं तथा लोकतंत्र और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि 26 नवंबर केवल संविधान को अंगीकृत किए जाने की स्मृति का दिन नहीं है, बल्कि यह दिन देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार दिलाने वाले ऐतिहासिक संकल्प को याद करने का दिन है। भारत का संविधान किसी सरकार, राजनीतिक दल या सत्ता में बैठे लोगों की जागीर नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की अमूल्य धरोहर है।

उन्होंने कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी केंद्र एवं राज्य सरकारों से कड़े शब्दों में मांग करती है कि संविधान में वर्णित प्रावधानों को केवल भाषणों, समारोहों और सरकारी आयोजनों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें धरातल पर पूर्ण रूप से लागू किया जाए।

इंजी कमलेश तेकाम ने कहा कि आज भी देश के आदिवासी, मूलनिवासी, दलित, पिछड़े, गरीब, मजदूर और वंचित समुदाय अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। पांचवीं एवं छठवीं अनुसूची, पेसा कानून, वनाधिकार कानून, आरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा जल-जंगल-जमीन पर पारंपरिक अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता है।

इंजी कमलेश तेकाम ने स्पष्ट कहा कि आदिवासियों की जमीनों पर कब्जे, विस्थापन, शोषण, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली तथा संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। संविधान की शपथ लेकर सत्ता में बैठने वालों की जिम्मेदारी है कि वे संविधान की आत्मा के अनुरूप शासन चलाएं, न कि संवैधानिक अधिकारों को कागजों तक सीमित रखें।

प्रदेश अध्यक्ष इंजी कमलेश तेकाम ने कहा कि पूरे देश में संविधान के सभी प्रावधानों को बिना भेदभाव पूरी ईमानदारी से लागू किया जाए।

इंजी कमलेश तेकाम विशेषकर इन बातों पर जोर देते हुए कहा कि:-

  • पांचवीं एवं छठवीं अनुसूची के संवैधानिक प्रावधानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
  • पेसा कानून और वनाधिकार कानून को वास्तविक रूप से लागू किया जाए।
  • आदिवासियों की जल, जंगल और जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
  • संविधान प्रदत्त आरक्षण एवं सामाजिक न्याय के अधिकारों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न की जाए।
  • आदिवासी, दलित, पिछड़े एवं वंचित वर्गों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिले।
  • संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।

इंजी कमलेश तेकाम ने कहा कि संविधान दिवस पर केवल दिखावटी शुभकामनाएं देना पर्याप्त नहीं है। यदि सरकारें वास्तव में संविधान का सम्मान करती हैं तो उन्हें उसके प्रत्येक प्रावधान को जमीन पर उतारकर दिखाना होगा। तभी हम बापू और बाबा साहेब के सपनों का भारत बना पायेंगे।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000