
भोपाल में 18 नवम्बर को होगा कैट टीम का भव्य शपथ ग्रहण समारोह – राजधानी भोपाल में 55 जिले की कैट टीम लेगी शपथ

संपादक प्रकाश मिश्रा
जनपथ टुडे डिंडोरी 17 नवम्बर 2026 – मध्यप्रदेश के व्यापारिक संगठन को नई मजबूती और व्यापक पहचान देने की दिशा में कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) मध्यप्रदेश एक महत्वपूर्ण आयोजन करने जा रहा है। 18 नवंबर को भोपाल के मिंटो हॉल में शाम 6 बजे आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के सभी 55 जिलों की कैट टीमों को शपथ दिलाएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में प्रवीण खंडेलवाल सांसद, चांदनी चौक (दिल्ली) महामंत्री, कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT), आशीष सुशांत अग्रवाल, मुख्य मीडिया सलाहकार, भारतीय जनता पार्टी विशेष अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति के साथ प्रदेश के सभी जिलों से कैट के जिलाध्यक्ष, महामंत्री, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
कैट के जिला अध्यक्ष प्रभात जैन ने बताया कि यह शपथ ग्रहण समारोह व्यापारियों के लिए ऐतिहासिक क्षण होगा। इस अवसर पर प्रदेश की समस्त व्यापारी शक्ति एक मंच पर एकजुट होकर “समृद्ध व्यापारी से – समृद्ध मध्यप्रदेश की ओर” के संकल्प को आगे बढ़ाएगी। बताया जाता है कि समारोह की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं विशेष अतिथियों के आगमन पर व्यापारी समाज द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
प्रदेश भर से एकत्रित होंगे समृद्धि कलश
कैट के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश के सभी 55 जिलों में समृद्धि कलश की स्थापना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था जिसमें सभी जिलों से समृद्धि कलश जिले के कैट प्रतिनिधियों के माध्यम से भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित किए जाएंगे। समृद्धि कलश की स्थापना का उद्देश्य व्यापारियों की एक जुटता, व्यापार की समृद्धि के साथ व्यापारियों को समृद्ध बनाना है।
इस शपथ ग्रहण के माध्यम से कैट मध्यप्रदेश प्रदेश के व्यापार, उद्योग, रोजगार एवं व्यापारी हितों के लिए और अधिक संगठित एवं सशक्त रूप से कार्य करेगा।



