
समनापुर में जंगली हाथी के हमले से घायल महिला की मौत, ग्रामीणों में गहरी दहशत
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
जनपथ टुडे डिंडौरी 15 नवंबर:- जिले के समनापुर वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम कोदोडीह (फिटारी) में जंगली हाथी के हमले में गंभीर रूप से घायल हुईं रामबाई (पति स्वर्गीय सुखनंदन गोप) का निधन हो गया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
हाथी के हमले में बुरी तरह कुचली गईं थीं रामबाई
मिली जानकारी के अनुसार, कोदोडीह (फिटारी) निवासी रामबाई पर अचानक जंगली हाथी ने हमला कर दिया था। यह हमला इतना भयानक था कि रामबाई बुरी तरह कुचलकर गंभीर रूप से घायल हो गईं थीं। घटना के बाद से ही उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी और अंततः इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। इस अचानक हुई दुर्घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लगातार आवाजाही से दहशत में ग्रामीण
समनापुर क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है, जिससे जंगल से लगे गांवों के लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों को अपनी जान-माल और फसलों की सुरक्षा की लगातार चिंता सता रही है। रामबाई के साथ हुई इस दुखद घटना ने लोगों के डर को और अधिक बढ़ा दिया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग
इस घटना के बाद से ग्रामीणों में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी और चिंता है। ग्रामीणों ने प्रमुख मांगें रखी हैं:
- हाथियों की गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए।
- संवेदनशील गांवों में वन अमले की सक्रियता बढ़ाई जाए।
- हाथियों की मौजूदगी की जानकारी समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी चेतावनी प्रणाली बनाई जाए।
रामबाई की मौत ने वन्यजीव प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीण सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि वन विभाग इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाता है।



