
कलेक्टर ने गाड़ासरई और मोहतरा में स्वामित्व योजना शिविरों का किया औचक निरीक्षण
✍️ मोहम्मद साहिबेआलम, उपसंपादक
हितग्राहियों को अपने हाथों से सौंपी रजिस्ट्री, जिले में अब तक 48.70 प्रतिशत लक्ष्य हासिल

जनपथ टुडे डिंडोरी 04नवंबर:- कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने गाड़ासरई एवं मोहतरा में स्वामित्व योजना के अंतर्गत आयोजित शिविरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविरों में चल रहे रजिस्ट्री कार्य, अभिलेखों के संधारण और हितग्राहियों को दस्तावेज उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों की रजिस्ट्री निर्धारित समय-सीमा में पूरी कराते हुए उन्हें इसका लाभ सुनिश्चित किया जाए। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम बजाग श्री पुष्पेन्द्र अहके सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत जिन हितग्राहियों की संपत्तियों की रजिस्ट्री का काम पूरा हो चुका था, उन्हें अपने हाथों से रजिस्ट्री की प्रतियां सौंपीं। अपने हाथों से दस्तावेज प्राप्त होने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले सभी हितग्राहियों की समस्याओं का तत्परता से समाधान किया जाए और रजिस्ट्री से जुड़े बाकी बचे कार्यों को पूरी प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए।
स्वामित्व योजना की प्रगति और तहसीलवार स्थिति
स्वामित्व योजना के तहत जिले में कुल 39,317 रजिस्ट्रियां करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके मुकाबले 4 नवंबर 2026 तक जिले में कुल 19,147 रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं, जो कि निर्धारित लक्ष्य का 48.70 प्रतिशत है।




