दीपावली पर छोटे व्यापारियों को नगर परिषद की बड़ी राहत, नहीं वसूला जाएगा कोई टैक्स

Listen to this article

 

फुटपाथ पर दीपावली से संबंधित दुकान लगाने वाले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के छोटे व्यापारियों को मिलेगी राहत, सीएमओ वेदप्रकाश पुरी ने तत्काल प्रभाव से जारी किया आदेश

संपादक प्रकाश मिश्रा

जनपथ टुडे डिंडौरी, 03 नवंबर 2026 – दीपावली पर्व को देखते हुए नगर परिषद डिंडौरी ने छोटे व्यापारियों को बड़ी राहत देने का निर्णय लिया है। अब दीपावली से संबंधित सामग्री की दुकानें फुटपाथ पर लगाने वाले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के छोटे व्यापारियों से नगर परिषद द्वारा किसी भी प्रकार का टैक्स अथवा शुल्क वसूल नहीं किया जाएगा।

इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) वेदप्रकाश पुरी द्वारा बाकायदा आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दीपावली पर्व के दृष्टिगत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के ऐसे छोटे व्यापारी, जो दीपावली से संबंधित दुकानें फुटपाथ पर लगाते हैं, उनसे नगर परिषद द्वारा किसी भी प्रकार की वसूली नहीं की जाएगी।

तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश

नगर परिषद द्वारा जारी आदेश में इसे तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडौरी, संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास जबलपुर, नगर परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष सहित संबंधित शाखा प्रभारियों, राजस्व प्रभारियों और जोन प्रभारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं पालन सुनिश्चित करने के लिए भेजी गई है।

पार्षद ज्योतिरादित्य भलावी

नगर परिषद के इस निर्णय से दीपावली के अवसर पर अस्थायी दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चलाने वाले छोटे व्यापारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। त्योहार के दौरान छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और वे बिना किसी टैक्स की चिंता के अपना व्यवसाय कर सकेंगे।

नगर परिषद का यह कदम त्योहार के अवसर पर छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809 666000